महोबा/उत्तर प्रदेश, 30 जनवरी 2026
उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला गुरुवार को महोबा जिले में उस समय रुक गया, जब भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत अपने समर्थकों के साथ सड़क पर उतर आए और रास्ता रोक दिया। यह घटना उस वक्त हुई जब मंत्री शहर के रामश्री महाविद्यालय में आयोजित युवा उद्घोष कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे।
विधायक और उनके समर्थकों ने जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की बदहाली और कई गांवों में अब तक पानी की आपूर्ति शुरू न होने को लेकर नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच तीखी झड़प भी देखने को मिली।
कलक्ट्रेट मार्ग पर रोका गया काफिला
जानकारी के अनुसार मंत्री का काफिला जैसे ही कलक्ट्रेट मार्ग पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद बड़ी संख्या में भाजपा विधायक के समर्थकों ने बीच सड़क पर वाहन खड़े कर काफिला रोक दिया। स्थिति बिगड़ती देख सीओ सदर अरुण कुमार सिंह और एसडीएम शिवध्यान पांडेय मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया।
काफिले का रास्ता साफ कराने के लिए जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को खुद वाहन से नीचे उतरना पड़ा।
मंत्री और विधायक के बीच हुई तीखी बहस
काफिला रुकने के बाद मंत्री और चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत के बीच मौके पर ही तीखी नोकझोंक हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह विरोध पहले से तय रणनीति के तहत किया गया था, क्योंकि विधायक के समर्थक पहले ही कलक्ट्रेट मार्ग पर जुटे हुए थे।
समर्थकों को हटाकर आगे बढ़ाया गया काफिला
प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए समर्थकों को सड़क से हटाया और काफिले को आगे बढ़वाया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान भी विधायक के साथ मौजूद थे। उनका कहना था कि जल जीवन मिशन के तहत कई जगहों पर सड़कें खोद दी गईं, लेकिन अब तक उनकी मरम्मत नहीं कराई गई है और कई गांवों में तीन साल बाद भी पानी नहीं पहुंचा है।
एसडीएम शिवध्यान पांडेय ने बताया कि विधायक के समर्थक अपनी समस्याएं जलशक्ति मंत्री के सामने रखने के लिए काफिला रोक रहे थे।
मंत्री बोले – शिकायत सही मिली तो अफसरों को करूंगा निलंबित
काफिला रोके जाने के बाद जलशक्ति मंत्री ने विधायक से कहा कि जिन गांवों में शिकायत है, वहां वे स्वयं जाकर जांच करेंगे। मंत्री ने कहा कि यदि लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ी तो उन्हें निलंबित भी किया जाएगा।
मंत्री ने विधायक को अपने साथ वाहन में बैठकर मौके पर चलने का भी प्रस्ताव दिया।
इंस्पेक्टर से उलझे समर्थक, बोले – “खा जाओगे क्या?”
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान एक बार फिर स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब विधायक के समर्थकों की एक इंस्पेक्टर से बहस हो गई। इसी दौरान एक समर्थक ने आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा – “आंख क्यों दिखा रहे हो, खा जाओगे क्या?” हालांकि पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए मामला शांत कराया।
जल जीवन मिशन की सड़कों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए कई इलाकों में सड़कें खोद दी गईं, लेकिन लंबे समय से उनकी मरम्मत नहीं हुई है। इससे लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
