सोनीपत। चंडीगढ़/पंचकूला। 23 जनवरी 2026
हरियाणा शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने प्रदेश के सात शहरी निकायों में आगामी चुनावों को लेकर मेयर एवं अध्यक्ष पदों के आरक्षण का ड्रॉ पूरा कर लिया है। यह प्रक्रिया पंचकूला स्थित विभागीय मुख्यालय में दोपहर बाद शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
ड्रॉ के माध्यम से प्रदेश की तीन नगर निगम—पंचकूला, सोनीपत और अंबाला—के लिए मेयर पदों का आरक्षण निर्धारित किया गया। वहीं नगर परिषद रेवाड़ी, धारूहेड़ा नगर पालिका (रेवाड़ी जिला), उकलाना नगर पालिका (हिसार जिला) तथा सांपला नगर पालिका (रोहतक जिला) के अध्यक्ष पदों के लिए भी आरक्षण तय कर दिया गया है।
ड्रॉ के अनुसार विभिन्न निकायों में आरक्षित श्रेणियां इस प्रकार हैं—
- पंचकूला नगर निगम : जरनल
- सोनीपत नगर निगम : जरनल
- अंबाला नगर निगम : बीसी-बी (महिला)
- नगर परिषद रेवाड़ी : अनुसूचित जाति (महिला)
- धारूहेड़ा नगर पालिका : जरनल
- उकलाना नगर पालिका : महिला (जरनल)
- सांपला नगर पालिका : सामान्य
शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों के अनुसार ड्रॉ प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। आरक्षण की घोषणा से संभावित प्रत्याशियों में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और विभिन्न दलों ने रणनीति बनाना शुरू कर दिया है।
