रुग्राम, 11 फरवरी। प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने तथा युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए खेल उपकरण प्रावधान योजना को संशोधित करते हुए इसकी अवधि में एक वर्ष की वृद्धि की गई है। यह जानकारी जिला खेल अधिकारी आरती कोहली ने दी।
गुरुग्राम, 11 फरवरी।
प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने तथा युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए खेल उपकरण प्रावधान योजना को संशोधित करते हुए इसकी अवधि में एक वर्ष की वृद्धि की गई है। यह जानकारी जिला खेल अधिकारी आरती कोहली ने दी।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि खेल विभाग, हरियाणा द्वारा इस योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों एवं नगर निकायों को विभिन्न खेलों के उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे। योजना के तहत आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। उक्त तिथि के पश्चात कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। खेल उपकरणों हेतु निर्धारित आवेदन पत्र खेल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://haryanasports.gov.in/ से भी डाउनलोड किया जा सकता है। खेलों की सूची में योग तथा भारतोलन (वेटलिफ्टिंग) के उपकरण पैकेज को भी शामिल किया गया है, जिससे बुजुर्गों एवं महिलाओं को भी फिटनेस गतिविधियों से जोड़ने में सहायता मिलेगी।
योजना के अंतर्गत वितरित किए जाने वाले खेल उपकरणों में वॉलीबॉल, फुटबॉल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, कुश्ती व जूडो के लिए 18 पीस का मैट सेट (कवर सहित), एक क्रिकेट किट बैग, योग मैट तथा वेटलिफ्टिंग के लिए एक जोड़ी वेट ट्रेनिंग सेट सहित अन्य आवश्यक खेल सामग्री शामिल है।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि संबंधित ग्राम पंचायतें एवं नगर निकाय निर्धारित आवेदन पत्र में केवल दो खेलों के उपकरणों की मांग भरकर 31 मार्च 2026 तक जिला खेल कार्यालय, गुरुग्राम स्थित नेहरू खेल स्टेडियम, सिविल लाइन में जमा करवा सकते हैं। उपकरणों का मानकीकरण करते हुए प्रत्येक खेल के लिए स्पष्ट संख्या एवं साइज निर्धारित कर दिए गए हैं, जिससे खेल सामग्री से संबंधित शिकायतों में कमी आएगी तथा पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
जिला खेल अधिकारी ने सभी ग्राम पंचायतों एवं नगर निकायों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का अधिकतम लाभ उठाएं और क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा दें।
