
22 अक्टूबर 2025, मथुरा
हिंदू धर्म के प्रमुख पर्वों में से एक गोवर्धन पूजा इस वर्ष 22 अक्टूबर 2025 (बुधवार) को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जाएगी। मान्यता है कि इस दिन भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्रदेव के प्रकोप से बृजवासियों की रक्षा करने के लिए अपने नन्हे हाथों से गोवर्धन पर्वत उठाया था। इसी कारण इस पर्व को गोवर्धन पूजा या अन्नकूट पर्व के रूप में मनाया जाता है।
इस साल गोवर्धन पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 06:26 से शुरू होकर 08:42 तक रहेगा। इस दौरान श्रद्धालु गोवर्धन पर्वत का प्रतीक बनाकर उसकी पूजा-अर्चना करेंगे और भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट का भोग लगाएंगे।
मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन और बरसाना सहित पूरे ब्रज क्षेत्र में इस दिन खास तैयारियां की जा रही हैं। मंदिरों में विशेष साज-सज्जा के साथ भव्य गोवर्धन पूजा होगी। श्रद्धालु गोबर, मिट्टी या आटे से गोवर्धन पर्वत का प्रतीक बनाकर उसमें तरह-तरह के व्यंजन और मिठाइयों का अन्नकूट सजाते हैं। माना जाता है कि ऐसा करने से भगवान श्रीकृष्ण प्रसन्न होते हैं और घर-परिवार में सुख-समृद्धि आती है।
पौराणिक कथा के अनुसार, जब इंद्रदेव ने लगातार मूसलाधार वर्षा कर बृजभूमि को जलमग्न कर दिया था, तब भगवान कृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर पूरे बृजवास को उसकी शरण में बचाया। इसी घटना की याद में यह पर्व मनाया जाता है, जो प्रकृति और पर्यावरण के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रतीक है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गोवर्धन पूजा करने से व्यक्ति के जीवन से संकट दूर होते हैं और भगवान श्रीकृष्ण की कृपा बनी रहती है।