29 अक्टूबर 2025
दादा कुशाल सिंह दहिया के 350वें बलिदान दिवस के अवसर पर आगामी 14 नवंबर को सोनीपत के राई एजुकेशन सिटी में एक राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों की शुरुआत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली की उपस्थिति में भूमि पूजन और हवन-यज्ञ के साथ की गई। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशभर में समारोह का निमंत्रण देने के लिए एक विशेष बस को रवाना किया, जो लोगों को इस कार्यक्रम में आमंत्रित करेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि 14 नवंबर को होने वाला यह कार्यक्रम दादा कुशाल सिंह दहिया जी के राष्ट्र, समाज और स्वतंत्रता संग्राम में किए गए अद्वितीय योगदान को याद करने और नई पीढ़ी को उनके त्याग एवं बलिदान से प्रेरित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि दादा कुशाल सिंह दहिया ने गुरु तेगबहादुर जी के शीश की रक्षा के लिए अपना शीश अर्पित कर दिया था, और उनका यह बलिदान आज भी राष्ट्र के सम्मान और साहस का प्रतीक है।
बड़ौली ने कहा कि यह कार्यक्रम भव्य और प्रेरणादायक होगा, जिसमें नई पीढ़ी को शहीदों के आदर्शों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाएं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संत, महापुरुष और शहीद समाज की धरोहर हैं, जिनसे समाज को दिशा और प्रेरणा मिलती है। इस मौके पर मौजूद सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं और राजनीतिक नेताओं ने समाज में एकता और सद्भाव का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद बड़ौली ने मीडिया से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी सरकार के कार्यों को जनता के बीच रखती है और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध है। बिहार चुनाव से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय राज्य के विकास पर ध्यान देना चाहिए।
इस अवसर पर सोनीपत जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, गोहाना जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, मेयर राजीव जैन, ओएसडी वीरेंद्र बड़खालसा, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्रेय, राजेश शर्मा, किशोर वशिष्ठ, नरेश वर्मा, आरती शर्मा, नीरज खापरा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
