07 फरवरी 2026
क्रिकेट और व्यापार के बाद अब भारत-अमेरिका संबंधों से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा जारी होने पर खुशी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह समझौता दोनों देशों के लिए फायदे का सौदा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस अंतरिम व्यापार समझौते से भारत के मेहनती किसानों, व्यवसाइयों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, मछुआरों और अन्य लोगों को नए अवसर मिलेंगे।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इससे महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर खुलेंगे।
प्रधानमंत्री ने लिखा,
“हमने दोनों महान देशों के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक रूपरेखा पर सहमति जताई है और मैं राष्ट्रपति ट्रंप को दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने की उनकी प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद देता हूं।”
इस समझौते के तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर टैरिफ 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है।
इसका सीधा मतलब है कि अब भारतीय कंपनियों के लिए अमेरिकी बाजार में सामान बेचना पहले से ज्यादा आसान और सस्ता हो जाएगा।
इससे भारत का निर्यात बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
जेनेरिक दवाएं, हीरे-जवाहरात और विमान के पुर्जों पर टैरिफ शून्य प्रतिशत होगा।
इसके अलावा टेक्सटाइल, रेडीमेड कपड़े, चमड़ा, जूते, प्लास्टिक, रबर, ऑर्गेनिक केमिकल्स और होम डेकोर जैसे क्षेत्रों में भी बड़े अवसर खुलेंगे।
वहीं गेहूं, चावल, मक्का और डेयरी जैसे संवेदनशील उत्पादों पर किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।
अमेरिका से आने वाले कृषि और औद्योगिक उत्पादों, जैसे मेवे, फल, सोयाबीन तेल और शराब पर भी टैरिफ में कटौती की जाएगी।
साथ ही दोनों देश मिलकर सप्लाई चेन को मजबूत करेंगे और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देंगे।
अगले पांच सालों में भारत अमेरिका से 500 अरब डॉलर के ऊर्जा, विमान, धातु और तकनीकी सामान खरीदेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि
यह रूपरेखा ‘मेक इन इंडिया’ को मजबूत करेगी, नवाचार और निवेश को बढ़ावा देगी और एक मजबूत व भरोसेमंद सप्लाई चेन तैयार करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि
भारत ऐसी वैश्विक साझेदारियों के लिए प्रतिबद्ध है, जो भविष्य पर आधारित हों और साझा समृद्धि में योगदान दें।
कुल मिलाकर, यह अंतरिम व्यापार समझौता भारत के किसानों, व्यवसाइयों और युवाओं के लिए नए अवसर खोलेगा और भारत-अमेरिका के आर्थिक संबंधों को और मजबूत करेगा।
