07 फरवरी 2026
भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते पर सहमति बन गई है और दोनों देशों ने इसका आधिकारिक ऐलान भी कर दिया है। लेकिन इस ट्रेड डील के साथ जुड़ी एक तस्वीर ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है — और यही बात पाकिस्तान के लिए बड़ी परेशानी बन गई है।
दरअसल, अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय यानी यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) ने भारत-अमेरिका ट्रेड फ्रेमवर्क से जुड़ा एक पोस्ट जारी किया। इस पोस्ट में अमेरिकी कृषि और अन्य उत्पादों को भारत में नए बाजार मिलने की बात कही गई थी।
लेकिन इस पोस्ट के साथ जो भारत का नक्शा दिखाया गया, वही चर्चा का केंद्र बन गया। इस नक्शे में पूरे जम्मू-कश्मीर को भारत का हिस्सा दिखाया गया है।
खास बात यह है कि इसमें पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (पीओके) भी शामिल है। न तो नक्शे में नियंत्रण रेखा (एलओसी) दिखाई गई है और न ही किसी तरह का विवादित क्षेत्र।
यानी अमेरिकी ट्रेड ऑफिस के आधिकारिक पोस्ट में दिखाए गए नक्शे में पूरा जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा नजर आता है। इसी वजह से इसे पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
अब तक अमेरिका का आधिकारिक रुख यही रहा है कि कश्मीर भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय मुद्दा है। लेकिन ट्रेड डील से जुड़े इस पोस्ट में इस्तेमाल किए गए नक्शे को अमेरिका के नजरिये में एक अहम संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
भारत पहले ही साफ कर चुका है कि जम्मू-कश्मीर और पीओके भारत का अभिन्न अंग हैं। भारत का यह भी कहना रहा है कि पाकिस्तान से किसी भी बातचीत का मुद्दा केवल पीओके की वापसी हो सकता है।
ऐसे समय में, जब भारत-अमेरिका संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं, ट्रेड डील के साथ सामने आया यह नक्शा यह दिखाता है कि वॉशिंगटन अब भारत के रुख को ज्यादा गंभीरता से देख रहा है।
कुल मिलाकर, भारत-अमेरिका ट्रेड समझौते के ऐलान के बाद जारी यह नक्शा सिर्फ एक तस्वीर नहीं, बल्कि कश्मीर और पीओके के मुद्दे पर बदलते अंतरराष्ट्रीय संकेतों का एक बड़ा संदेश माना जा रहा है।
WhatsApp us