हरियाणा, 03 फरवरी 2026
हरियाणा के भिवानी में मंगलवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब भिवानी कोर्ट परिसर में तहसीलदार कार्यालय के पास फायरिंग कर दी गई। हमलावरों ने पेशी पर आए एक युवक को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार भी मौके पर पहुंचे और हमलावरों की तलाश में जिलेभर में नाकाबंदी करवाई गई।
एक घंटे बाद बदमाशों से मुठभेड़, 8 गिरफ्तार
फायरिंग की घटना के लगभग एक घंटे बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।
पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के दोनों पैरों में गोली लगी है।
पुलिस ने मौके के आसपास के क्षेत्र से 8 बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि दो आरोपियों की तलाश अब भी जारी है।
उन्होंने यह भी बताया कि दो अन्य बदमाशों को पकड़ने के दौरान चोटें आई हैं।
शक के आधार पर 28 लोगों को किया गया था राउंड अप
घटना के तुरंत बाद पुलिस की विभिन्न टीमों ने शक के आधार पर 28 लोगों को राउंड अप किया था।
फिलहाल बाकी संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
दो हिस्ट्रीशीटरों की पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह
पुलिस के अनुसार, इस वारदात के पीछे दो हिस्ट्रीशीटर — बिन्नू और अरविंद — के बीच पुरानी रंजिश सामने आई है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को कोर्ट में अरविंद की पेशी थी, जबकि दूसरा हिस्ट्रीशीटर बिन्नू गवाही देने के लिए कोर्ट पहुंचा था।
इसी रंजिश के चलते हिस्ट्रीशीटर बिन्नू के परिवार के सदस्य आयुष ने अपने साथियों के साथ मिलकर अरविंद पर फायरिंग का प्रयास किया, जो सफल नहीं हो सका।
कोर्ट परिसर में तैनात पुलिस ने दिखाई बहादुरी
पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने बताया कि कोर्ट परिसर में तैनात पुलिस कर्मियों, सीआईए टीम और अन्य मामलों में कोर्ट आए पुलिसकर्मियों ने साहस दिखाते हुए तुरंत मोर्चा संभाला।
पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर के आसपास के इलाके से ही 8 बदमाशों को दबोच लिया।
पहले भी हो चुकी हैं गंभीर घटनाएं
गौरतलब है कि करीब पांच महीने पहले भी भिवानी कोर्ट परिसर में फायरिंग कर एक युवक को गोली मारी गई थी।
इसके बाद सुरक्षा बढ़ाते हुए कोर्ट परिसर में 13 से 14 कमांडो तैनात किए गए थे।
इसी साल 22 जनवरी को भिवानी कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भी मिली थी, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया था।
इसके बावजूद बदमाश हथियार लेकर कोर्ट परिसर में घुसने में कामयाब हो गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
