रोहतक, हरियाणा ! 03 फरवरी 2026
रोहतक में आयोजित स्पेशल ओलंपिक भारत एथलेटिक्स नेशनल चैंपियनशिप में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा की भूमि पर स्पेशल ओलंपिक भारत की अध्यक्षा मल्लिका नड्डा का स्वागत करना उनके लिए गौरव की बात है।
मुख्यमंत्री ने इस शुभ अवसर पर सभी खिलाड़ियों, कोचों, आयोजकों और प्रदेशवासियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देश के 26 राज्यों से लगभग 500 से अधिक खिलाड़ी, कोच और सहभागी भाग ले रहे हैं, जो इस आयोजन की व्यापकता और महत्व को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्पेशल ओलंपिक केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रशिक्षण, सहभागिता, आत्मविश्वास और आजीवन विकास को भी समान रूप से महत्व देता है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए इस तरह के मंच आत्मनिर्भरता और सामाजिक समावेशन की दिशा में मजबूत कदम हैं।
मुख्यमंत्री ने इटली में आयोजित स्पेशल ओलंपिक वर्ल्ड विंटर गेम्स का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के 28 खिलाड़ियों ने 33 पदक जीतकर देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण, खेलों के विकास और समावेशी नीतियों को लेकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में खेल सुविधाओं के विकास के लिए पिछले 11 वर्षों में लगभग 989 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
इसके साथ ही खेल विभाग के बजट को भी बढ़ाकर दो गुना से अधिक किया गया है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश के 16,418 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकार द्वारा अब तक 679 करोड़ रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जा चुकी है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्पेशल ओलंपिक भारत समिति का इस सफल आयोजन के लिए धन्यवाद किया और घोषणा की कि हरियाणा में आवासीय सुविधा सहित दिव्यांग स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने निजी कोष से स्पेशल ओलंपिक भारत को 31 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में मौजूद खेल मंत्री गौरव गौतम ने भी स्पेशल ओलंपिक भारत के लिए 21 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।
