
हमारी हवा, पानी, ऑक्सीजन कार्यकर्ता है और इसी ऑक्सीजन के कारण हम सुबह से शाम तक कार्य करने की हिम्मत जुटा पाते हैं -अनिल विज
अंबाला छावनी से फरीदाबाद में होने वाले राज्य स्रतीय कार्यक्रम में शामिल होंगें बडी संख्या में लोग- विज
चंडीगढ़, 10 अगस्त- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी में 13 अगस्त को पूरे जोरशोर के साथ ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली जाएगी जिसमें लोग बढ़-चढ़कर शामिल होंगे। इसके अलावा, उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के तहत अपने घर के सबसे ऊंचे स्थान पर तिरंगा लगाया जाए और इस बारे में गली-मोहल्लों में सभी घरों में तिरंगा लगाने का आह्वान भी किया जाए। विज ने कहा कि आगामी 14 अगस्त को विभाजन विभिषिका स्मृति कार्यक्रम सारे देश में मनाया जाएगा और फरीदाबाद में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम होगा जिसमें अम्बाला छावनी से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगें।
यह तिरंगा यात्रा प्रातः11 बजे अग्रवाल धर्मशाला से प्रारंभ होगी जोकि रेलवे रोड, सदर चौक, सब्जी मंडी, पुल चमेली, केसरा बाजार, कबाड़ी बाजार, राजकीय कालेज से होती हुई वापस अग्रवाल धर्मशाला पर संपन्न होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं/लोगों से आह्वान किया कि अधिक से अधिक लोगों को इस तिरंगा यात्रा में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा जोरशोर से निकाली जाएगी और सभी लोग इस यात्रा को अंतिम पडाव तक साथ रहे, इसको भी सुनिश्चित किया जाए।
विज आज स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं/लोगों को लार्ड महावीर जैन पब्लिक स्कूल, अंबाला में संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 15 अगस्त हमें स्वतंत्रता मिली थी इसलिए यह दिन महत्वपूर्ण है। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर संगठन द्वारा कई कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। इसी दिशा में 13 अगस्त को अम्बाला छावनी में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी ताकि क्षेत्र का वातावरण राष्ट्रीयता की भावना से सराबोर हो जाए। हम पूरी ताकत से 13 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकालेंगे। पार्टी संगठन के आदेशानुसार आगामी दिनों में संगठन के कार्यक्रम तय किए गए है और आज जितनी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आए है उससे हमारा हौंसला और भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि हमारी हवा, पानी, ऑक्सीजन कार्यकर्ता है और इसी ऑक्सीजन के कारण हम सुबह से शाम तक कार्य करने की हिम्मत जुटा पाते हैं।
अपील- “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम के तहत अपने घर के सबसे ऊंचे स्थान पर तिरंगा लगाए – विज
विज ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत अपने घर के सबसे ऊंचे स्थान पर तिरंगा लगाया जाए और इस बारे में गली-मोहल्लों में पार्टी कार्यकर्ता सभी घरों में तिरंगा लगाने का आह्वान करें। उन्होंने यह भी बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर माननीय राज्यपाल अम्बाला में आ रहे हैं और इस कर्यक्रम में भी कार्यकर्ता/लोग बढ़चढ़कर कार्यक्रम में हिस्सा लें। श्री विज ने कहा कि हर वर्ष की भांति सुभाष पार्क के समक्ष तिरंगा फहराया जाएगा और इस बार नगर परिषद की अध्यक्ष तिरंगा फहराएगी। उन्होंने बताया कि 17 अगस्त को पौधारोपण कार्यक्रम गांधी ग्राउंड, अंबाला में आयोजित किया जाएगा जिसमें सभी बढ़चढ़ कर हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने इस कार्यक्रम को “एक पेड़ मां के नाम” का नाम दिया है।
सारे देश में 14 अगस्त को “विभाजन विभिषिका स्मृति” के तौर पर मनाया जाएगा – विज
उन्होंने कहा कि भाजपा की तरफ से विभाजन विभिषिका स्मृति कार्यक्रम सारे देश में 14 अगस्त को मनाया जाएगा। फरीदाबाद में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम होगा जिसमें अम्बाला छावनी से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भारत मां का सीना चीरते हुए इसे लहुलुहान कर दिया क्योंकि बंटवारे के बाद लोग कई सालों तक तड़पते रहे, कईयों की जानें गई। यह सारा हत्याकांड कांग्रेस की नासमझी से हुआ। तब जवाहरलाल नेहरू को देश का प्रधानमंत्री बनने की जल्दी थी जबकि देश लहुलुहान हुआ पड़ा था। उस समय के अमुक नेताओं पर लोगों ने भरोसा जताया परंतु उन्होंने यह भरोसा तोड़ दिया।
महात्मा गांधी के रहते देश का बंटवारा हुआ, लोगों का विश्वास टूटा-और लोगों को उनके भविष्य पर छोड़ दिया गया -विज
मंत्री अनिल विज ने कहा कि आजादी की लड़ाई के एजेंडे में कहीं नहीं लिखा था कि देश का बंटवारा हो। मगर देश बंटा जिसमें लाखों लोगों की जानें गई। यह बंटवारा धर्म के नाम पर हुआ। बंटवारे के प्रस्ताव पर कांग्रेस सदस्यों के हस्ताक्षर है। इन्होंने ही तब माना कि हिंदु और मुसलमान एक साथ नहीं रह सकते जिसके बाद देश का विभाजन हुआ। हालांकि महात्मा गांधी ने तब कहा था कि देश का बंटवारा उनकी लाश पर होगा, लोगों को तब महात्मा गांधी जी पर विश्वास था, तब बंटवारे की अफवाहे उड़ रही थी, लोगों को विश्वास था कि महात्मा गांधी बंटवारा नहीं होने देंगे। मगर बंटवारा हुआ और लोगों को उनके भविष्य पर छोड़ दिया गया। तब कांग्रेस पार्टी ने बंटवारे की कोई योजना नहीं बनाई। बंटवारा होते ही देश में दंगे फैल गए, महिलाओं से ज्यातियां हुई और लगभग 10 लाख लोगों की जान इस बंटवारे में गई।
*संगठन के लिए हम मर मिट जाएंगे मगर किसी को संगठन तोड़ने नहीं देंगे – विज
विज ने कहा कि अम्बाला छावनी में संगठन को तोड़ने के लिए कुछ लोग शरारत कर रहे हैं मगर पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं ने उत्तेजित न होते हुए इसका कोई जवाब नहीं देना है। हमने केवल पार्टी का काम करना है तथा अपना संतुलन बनाते हुए विरोधियों को कामयाब नहीं होने देना है। हमने इंतजार करना है क्योंकि समय सभी का हिसाब करता है। हमें अपनी ताकत पर विश्वास व भरोसा है, कई आए और कई चले गए, लेकिन हमें कोई तोड़ नहीं सका और न ही कोई तोड़ पाएगा। भाजपा पार्टी के लिए हम मर मिट जाएंगे मगर किसी को पार्टी तोड़ने नहीं देंगे। हमने अपनी एकता को बनाए रखना है।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद, मंडल प्रधान रवि बुद्धिराजा, हर्ष बिंद्रा, प्रवेश शर्मा के अलावा भाजपा नेता संजीव सोनी, विजेंद्र चौहान, सुरेंद्र बिंद्रा, बीएस बिंद्रा, रामबाबू यादव, आशीष अग्रवाल, मदनलाल शर्मा, प्रमोद लक्की, अजय बवेजा, पुनीत सरपाल, फकीरचंद सैनी, तरविंद्र सिंह, भरत कोछड़ सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।