तिरंगा यात्रा में तिरंगे को सेल्यूट कर तिरंगा फहराते रहे गृह मंत्री अनिल विज
- चंडीगढ़, 13 अगस्त : आजादी के अमृत महोत्सव के तहत रविवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा अम्बाला छावनी में हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज के नेतृत्व में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में गृह मंत्री अनिल विज देशभक्ति के रंग में रंगे दिखे और उन्होंने हाथ में तिरंगा थाम ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाकर जोश का संचार किया।
- अम्बाला छावनी के सुभाष पार्क से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान समूचा शहर तिरंगामय हुआ। पार्टी कार्यकर्ताओं में यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और पूरी यात्रा में वह देशभक्ति गीतों की धुनों पर जमकर झूमें। तिरंगा यात्रा सुभाष पार्क से प्रारंभ होकर अम्बाला छावनी के अलग-अलग बाजारों से होती हुई पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में संपन्न हुई।
- तिरंगा यात्रा पर घरों की छतों से लोगों ने फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया
- तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने तिरंगों के साथ बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। गृह मंत्री अनिल विज के साथ-साथ हजारों वाहनों का काफिला यात्रा में चला। तिरंगा यात्रा के स्वागत में फूल बरसाए गए तो कहीं जमकर आतिशबाजी हुई। आउटर लार्जर रोड, पुल चमेली, कसेरा बाजार, निकलसन रोड सहित कई बाजारों में लोगों ने घरों की छतों से यात्रा पर फूलों की वर्षा कर इसका स्वागत किया। केसरा बाजार व अन्य बाजारों में दुकानदारों ने आतिशबाजी कर यात्रा का स्वागत किया।
- तिरंगा यात्रा में तिरंगे को सेल्यूट कर तिरंगा फहराते रहे गृह मंत्री अनिल विज
- तिरंगा यात्रा के दौरान गृह मंत्री अनिल विज हाथ में तिरंगा थाम उसे सेल्यूट किया। उन्होंने जगह-जगह रूक कर दुकानदारों को आजादी के इस अमृत महोत्सव की बधाई दी और उनका अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने दुकानदारों से आह्वान किया कि आजादी के इस उत्सव में वह भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लें और घरों व दुकानों पर तिरंगे लगाए। बाजारों में कई स्थानों पर गृह मंत्री अनिल विज को दुकानदारों ने फूलों के हार पहनाकर एवं फूलों की बरखा कर उनका स्वागत भी किया।
