- हिसार,13 अगस्त : हरियाणा के हिसार जिले में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा का अपमान हुआ है। क्योंकि यहां भाजपा मंत्री ने तिरंगा यात्रा के दौरान जूते पहनकर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
- बता दे कि भाजपा 7 अगस्त से हरियाणा में तिरंगा यात्रा निकाल रही है। यह यात्रा हर विधानसभा क्षेत्र में निकाली जा रही है, लेकिन इस तिरंगा यात्रा में महापुरुषों को भाजपाई जूते पहनकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। इसी दौरान प्रदेश के निकाय मंत्री कमल गुप्ता ने 11 अगस्त को हिसार शहर में तिरंगा यात्रा निकाली, लेकिन महापुरुष की प्रतिमा पर जब फूल अर्पित करने के लिए चढ़े तो जूते पहनकर। निकाय मंत्री तिरंगा यात्रा निकालते समय इतने जोश में थे कि उन्हें जूते उतारने का समय ही नहीं मिला। जूते पहनकर जब वे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाला लाजपत राय की प्रतिमा को माल्यार्पण कर रहे थे तो उनके समर्थक और कमांडो उनके पांवों को कसकर पकड़े हुए थे, ताकि मंत्री जी का संतुलन न बिगड़ जाए। निकाय मंत्री की तिरंगा यात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड हुआ है।
- इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ता एवं जागो मानव बनो इंसान संस्था के अध्यक्ष गंगापुत्र राजेश हिन्दुस्तानी भी भाजपा की तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। राजेश हिन्दुस्तानी ने आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की तिरंगा यात्रा में कैबिनेट मंत्री एवं हिसार के विधायक ने स्वयं और उनकी उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज व देशभक्तों का अपमान किया। राजेश हिन्दुस्तानी ने बताया कि विधायक डॉ. कमल गुप्ता ने तिरंगा यात्रा के दौरान नागोरी गेट स्थित लाला लाजपतराय की प्रतिमा पर जूतों सहित माल्यार्पण करके उनका अनादर किया। इसके बाद वे गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे तो वहां भी जूते सहित ही प्रतिमा पर चढ़ गए और जूतों सहित ही माल्यार्पण किया।