तोशाम, 9 नवंबर।
गुरुवार को स्थानीय आरसीआईटी कंप्यूटर इंस्टिट्यूट में प्रूडेंस लाइब्रेरी के संयुक्त तत्वाधान में दो दिवसीय दीपावली महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस दौरान दीपावली महोत्सव के प्रथम दिवस गुरुवार को इंस्टिट्यूट प्रांगण में रंगोली, मेहंदी व सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई।
यह जानकारी देते हुए इंस्टिट्यूट संचालक डॉ. विष्णु दत्त शास्त्री ने कहा कि पिछले करीबन 15 वर्षों से निरंतर इंस्टिट्यूट में दीपावली पर्व के अवसर पर दो दिवसीय दीपावली महोत्सव आयोजित किया जाता है। इसी कड़ी में गुरुवार को भी रंगोली, मेहंदी व सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के दो दिवसीय दीपावली महोत्सव का शुभारंभ हुआ। उन्होंने बताया कि दीपावली महोत्सव के प्रथम दिवस आयोजित प्रतियोगिताओं में करीबन तीन दर्जन से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। उनका कहना था कि इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से विद्यार्थियों में छुपी प्रतिभा निखरकर सामने आती है, और विद्यार्थियों में आत्मविश्वास भी पैदा होता है। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह चरम पर था और सभी विद्यार्थी दीपावली महोत्सव के तहत आयोजित कार्यक्रम को लेकर उत्साहित थे। शास्त्री ने बताया कि प्रतियोगिताओं का परिणाम दीपावली महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को घोषित किया जाएगा तथा प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया जाएगा। इस मौके पर लाइब्रेरी संचालक दीपक माहेश्वरी, याशिका रहेजा, चाप सिंह, तनिष्क शर्मा, अनुप्रिया, गरिमा शर्मा, राहुल शर्मा, मनोज कुमारी, ममता रानी, प्रिया, तनुज शर्मा, सुमित, अमन कुमार, प्रियंका आदि सहित समस्त स्टाफ सदस्य व अनेक विद्यार्थी मौजूद थे.