-सरकारी स्कीमों की जानकारी के साथ, किसानों की समस्याओं का समाधान भी बता रहा चैनल
गुरुग्राम, 6 फरवरी।
किसानों को विभिन्न स्कीमों की विश्वसनीय जानकारी सही समय पर व सही माध्यम से सर्वप्रथम मिले इसके मद्देनजर जिला जींद में स्थित कृषि प्रशिक्षण संस्थान द्वारा फेसबुक पेज व यूट्यूब चैनल का सफल संचालन किया जा रहा है।
डीसी निशांत कुमार यादव ने इस बारे जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया सहित सूचना तकनीक के दौर में जिला के किसान, सरकार द्वारा दी जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर उन्नत तकनीक व सटीक जानकारी के साथ अपनी खेती कर सके। इस विषय को ध्यान में रखते हुए जिला जींद में स्थित किसान प्रशिक्षण संस्थान हमेटी द्वारा ‘हमेटी जींद’ नाम से फ़ेसबुक पेज व ‘हमेटी दर्पण’ नाम से यूट्यूब चैनल का सफलतापूर्वक संचालन कर किसानों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इच्छुक किसान इस लिंक https://t.co/b0U3Zs7i0l के माध्यम से चैनल से जुड़ सकते है।
लाभ देने वाली खेती जैसे बागवानी, सब्जी, दाल-दलहन, मक्का इत्यादि की खेती पर ध्यान दे रहे है
डीसी ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के युवा किसान पारंपरिक खेती को छोड़कर उन्नत तकनीक के साथ सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों के तहत अधिक लाभ देने वाली खेती जैसे बागवानी, सब्जी, दाल-दलहन, मक्का इत्यादि की खेती पर ध्यान दे रहे है। उन्होंने बताया कि ऐसे जागरूक युवा किसानों को चैनल के माध्यम से संस्थान में चल रही तमाम महत्वपूर्ण शोध गतिविधियों के बारे में जानकारी प्रदान की जा रही है। साथ ही विभिन्न मौसम के अनुकूल क्या फसल लगानी है व किस प्रकार उसकी देखभाल करनी है। यह सभी जानकारी इस चैनल के माध्यम से किसानों को दी जा रही है। उन्होंने बताया कि चैनल के माध्यम से संस्थान किसानों को उन तमाम तकनीकों के बारे में बताया जा रहा है, जिनका इस्तेमाल कर खेतीबाड़ी को बेहतर किया जा सके। इसके अलावा खेतीबाड़ी से जुड़े समसामयिक जरूरतों के बारे में भी किसानों को बताया जा रहा है। आने वाले समय में किसान को ज्वार व बाजरा या अन्य फसल को लेकर किस किस तरह की तैयारी करें इससे जुड़ी जानकारी भी चैनल के माध्यम से प्राप्त कर सकते है
चैनल पर संवाद के माध्यम से किसानों की समस्या का किया जा रहा समाधान
डीसी ने बताया कि यूट्यूब चैनल पर किसानों को जागरूक करने के साथ साथ दो तरफा संवाद के तहत उनकी समस्याओं का समाधान भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला गुरुग्राम के किसी भी किसान को किसी विषय मे जानकारी प्राप्त करनी है तो वह वीडियो के नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपने सवाल भेज सकते हैं। हमेटी संस्थान द्वारा उचित मार्गदर्शन के साथ आपके सवाल से जुड़े समाधान भेजे जाएंगे, साथ ही संस्थान द्वारा सवाल से जुड़ी समस्या की गम्भीरता को देखते हुए उस पर वीडियो बनाकर चैनल पर अपलोड भी किया जाएगा।
चैनल पर दिखाई जा रही किसानों की सफलता की कहानी
डीसी ने बताया कि प्रदेश के अन्य किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए चैनल के माध्यम से ऐसे किसानों की सफलता की कहानी भी दिखाई जा रही है। जिन्होंने खेती के क्षेत्र में उच्च तकनीक व सटीक जानकारी के साथ अपना उत्कृष्ठ प्रदर्शन कर सफलता के नए कीर्तिंमान स्थापित किए है। उन्होंने बताया कि गुरूग्राम जिला के किसान भी अपनी सफलता की कहानी संस्थान को भेज सकते हैं।