बिहार के बाद झारखंड में तेजस्वी यादव की पार्टी को बड़ा झटका, इस दिग्गज नेता ने छोड़ा RJD का दामन
गढ़वा 13 फ़रवरी 2024। राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय सचिव सह पलामू के पूर्व सांसद घूरन राम ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पार्टी के पद एवं प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। घूरन राम ने पार्टी छोड़ने के बाद बीजेपी में शामिल होने के संकेत दिये हैं. बताया जा रहा है कि वह 15 फरवरी को रांची में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के सामने बीजेपी की सदस्यता लेंगे.
इससे पहले राजद नेता घूरन राम भाजपा के प्रदेश मंत्री रह चुके हैं। आशंका के बीच भाजपा में शामिल होने के बाद उनके द्वारा गढ़वा में एक मिलन समारोह का भी आयोजन करने की योजना बनाई गई है। मंगलवार को कृष्णा हरि होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में घूरन राम ने लालू यादव की पार्टी राजद को छोड़ने की जानकारी दी।
घूरन राम ने क्या कुछ कहा
उन्होंने कहा कि राजद में वे लगातार स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे थे। आईएनडीआईए गठबंधन झारखंड में चल रही है, लेकिन इसमें एक भी अनुसूचित जाति के विधायक को मंत्रिमंडल में स्थान चार साल के दौरान नहीं दिया गया। इसके अलावा बोर्ड-निगम के गठन में भी एक भी अनुसूचित जाति के व्यक्ति को स्थान नहीं मिला है।
इस बात से उन्होंने राजद के केंद्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को कई बार झारखंड में उत्पन्न इस विकट समस्या से अवगत कराया। लेकिन उनकी ओर से कभी भी इस पर गंभीरता नहीं दिखाई गई। पत्रकार वार्ता में उमेश सिंह, सन्नी चंद्रवंशी, अरविंद पटवा समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।