Lok Sabha Election: चुनाव तैयारियों पर मंथन को जुटेंगे भाजपा के दिग्गज, 13 लोकसभा कलस्टरों की बैठक अलीगढ़ में
उत्तर प्रदेश 23 फ़रवरी 2024| अलीगढ़ में 13 लोकसभा कलस्टरों की बैठक होगी। बैठक में लाेकसभा चुनाव की अब तक की तैयारियों, पार्टी का फीडबैक, दावेदारों का फीडबैक, आगे के कामकाज के निर्देशों पर चर्चा होगी। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य मौजूद रहेंगे।
लोकसभा चुनाव के शंखनाद से पहले भाजपा संगठन अपनी तैयारियों को पुख्ता करने में जुटा है। इसी क्रम में 23 फरवरी को ब्रज क्षेत्र के सभी 13 लोकसभा कलस्टरों की बैठक अलीगढ़ में होगी। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष शामिल होंगे। बैठक दो सत्र में होगी।
रामघाट रोड पर एक गेस्ट हाउस में सुबह 11 बजे से इस बैठक का पहला सत्र होगा। दूसरा सत्र दोपहर दो बजे से होगा। इसमें राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य मौजूद रहेंगे। बैठक में सभी लोकसभा प्रभारी, संयोजक, सह प्रभारी-सह संयोजक, विधानसभा प्रभारी-संयोजक, सह प्रभारी-सह संयोजक और जिलाध्यक्ष-जिला प्रभारी शामिल रहेंगे। बैठक में अब तक की तैयारियों, पार्टी का फीडबैक, दावेदारों का फीडबैक, आगे के कामकाज के निर्देशों पर चर्चा होगी। जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह लाला ने इस बैठक की पुष्टि की है।
संघ की समन्वय बैठक भी होगी
भाजपा की चुनाव तैयारियों के बीच संघ की समन्वय बैठक भी आज ही प्रस्तावित है। इसमें संघ के प्रमुख पदाधिकारी व संघ के सभी समन्वय संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। आगरा रोड के एक गेस्ट हाउस में यह बैठक होगी। इसमें भी आगे की रणनीति पर चर्चा होनी है।