हरियाणा, 29 फरवरी 2024| हरियाणा में भाजपा ने सभी 10 लोकसभा सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नाम को लेकर होमवर्क पूरा कर लिया है। राज्य के सभी 20 ऑब्जर्वर गुरुवार को नई दिल्ली में होने वाली प्रदेश चुनाव समिति की पहली बैठक में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
इस बैठक में प्रत्येक लोकसभा सीट पर संभावित दावेदारों के नाम पर विस्तृत चर्चा होगी, जिसके बाद पैनल बनाकर भाजपा हाईकमान को भेजे जाएंगे। भाजपा ने हाल ही में प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया था। प्रदेश चुनाव समिति की सिफारिश के बाद भाजपा की केंद्रीय चुनाव एवं संसदीय समिति लोकसभा उम्मीदवारों के नाम घोषित करेगी।
हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र से खत्म होते ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल बुधवार शाम को दिल्ली पहुंच गए थे। वहां उनकी प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब, प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी और प्रांतीय संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा के साथ चर्चा हुई। इसी बैठक में सहमति बनी कि गुरुवार को नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में सुबह साढ़े 10 बजे प्रदेश चुनाव समिति की बैठक बुलाई जाए। जिसमें लोकसभावार संभावित दावेदारों के नाम पर चर्चा होगी।
इन सीटों के लिए नियुक्त किए गए पर्यवेक्षक
अंबाला लोकसभा सीट के लिए राज्यसभा सदस्य कृष्ण पंवार और निर्मला बैरानी, करनाल के लिए निवर्तमान राज्यसभा सदस्य डीपी वत्स और सीएम के पूर्व राजनीतिक सचिव कृष्ण बेदी, कुरुक्षेत्र के लिए राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा व भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा तथा सोनीपत लोकसभा सीट के लिए पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ व पूर्व डिप्टी स्पीकर संतोष यादव ने पर्यवेक्षक के रूप में अपनी रिपोर्ट तैयार की।