सीएम व गृह मंत्री को हत्या की धमकी देने के आरोप में जरनैल बराड़ गिरफ्तार
सिरसा,01 मार्च 2024। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल व गृह मंत्री अनिल विज की हत्या करने की धमकी देने के आरोप में ऐलनाबाद पुलिस ने गांव तलवाड़ा खुर्द निवासी किसान जरनैल सिंह बराड़ को बीती रात्रि उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। ऐलनाबाद पुलिस थाना में एक पुलिस कर्मी की शिकायत पर जरनैल बराड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। आज दोपहर बराड़ को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जमानत मिल गई।
पुलिस के अनुसार किसान नेता जरनैल सिंह बराड़ ने सोशल मीडिया पर एक मैसेज लिखा था कि किसान आंदोलन में शहीद होने वाले किसान शुभकरण पर गोलियां सरकार के आदेश पर चलाई गई है। अगर सरकार इस बात को नहीं मानती है तो प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गृह मंत्री अनिल विज को एक महीने के अंदर अंदर अपना लाई डिटेक्ट टेस्ट करवाना चाहिए। अगर प्रदेश के मुख्यमंत्री व गृह मंत्री अपना लाई डिटेक्ट टेस्ट नहीं करवाते तो मैं इनकी हत्या करने को मजबूर रहूंगा। उन्होंने लिखा था कि किसान आन्दोलन पर गोलियां चलाना कायरता और भारत की एकता, अखंडता, लोकतंत्र पर सीधा हमला है । भारत की एकता, अखंडता और लोकतंत्र पर हमला कभी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। गोलियां मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के आदेश के बिना कभी नहीं चलाईं जाती। उन्होंने लिखा था कि मैं किसान आन्दोलन पर गोलियां चलाना और शुभकरण की हत्या लोकतंत्र की हत्या मानता हूं। आन्दोलन करना, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता लोकतंत्र का मूल आधार है। आम लोगों पर गोलियां चलाने का अधिकार सिर्फ तभी है जब आंतरिक और बाहरी सुरक्षा को बहुत बड़ा खतरा हो। लेकिन किसान आन्दोलन में ऐसा कोई खतरा नहीं था। लोकतंत्र में प्रदर्शन करना नागरिकों का मौलिक अधिकार है इसलिए सबसे पहला लोकतंत्र पर हमला आन्दोलनकारी किसानों को हरियाणा की सीमा पर रोकना है। ट्रैक्टरों को रोकना दूसरा हमला है। गोलियां और आंसू गैस चलाना तीसरा बड़ा हमला है।
जब यह वाइरल मैसेज की जानकारी पुलिस तक पहुंची तो पुलिस ने किसान नेता जरनैल सिंह बराड़ के खिलाफ आईपीसी की धारा 506 के तहत मामला दर्ज करते हुए उनको गिरफ्तार कर लिया। जरनैल बराड़ को आज ऐलनाबाद न्यायालय में पेश किया गया यहां से उनको जमानत मिल गई। केस की सुनवाई के दौरान न्यायालय में हुजुम उमड़ पड़़ा।