चुनावों के बीच में राम का नाम ला रहे है। भगवान राम के तो सभी भगत है।
बुलडोजर रोड शो निकाल कर भय का माहौल पैदा करने की कोशिश की गई
सिरसा, मई। कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सिरसा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी (इंडिया गठबंधन) कुमारी सैलजा ने कहा कि 23 मई को प्रियंका गांधी सिरसा में रोड शो करेंगी। लोगों की काफी मांग थी कि प्रियंका गांधी का सिरसा में कार्यक्रम करवाया जाए। उन्होंने कहा कि रोड़ शो सुबह 8:30 बजे शुरू होगा। जल्द ही रूट तय कर लिया जाएगा। सिरसा में हिसार रोड़ स्थित प्रीतम पैलेस में जसवीर सिंह जस्सा द्वारा आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि यह चुनाव भाजपा की गलत नीतियों के खिलाफ चुनाव है। लोग खुद ही चुनाव लड़ रहे है। उन्होंने कहा कि बीजेपी वालों के पास कोई मुद्दा तो है नहीं और न ही उन्होंने कोई विकास कार्य करवाए इसलिए वे बेतुकी बातें कर रहे है। चुनावों के बीच में राम का नाम ला रहे है। भगवान राम के तो सभी भगत है। भगवान राम क्या कोई उनका ट्रेडमार्क है? लोग उनकी बातों में आने वाले नहीं। बीते दिवस शहर में बुलडोजर रोड शो निकाल कर भय का माहौल पैदा करने की कोशिश की गई। पर अब लोग न तो इनसे डरने वाले हैं और न ही इनके बहकावे में आने वाले। इस अवसर पर वीरभान मेहता, अमीर चावला, नवीन केडिया, कुलदीप गदराना, बूटा सिंह थिंद, दुर्गा सिंह, गुरनाम सिंह छब्बर, मोहित शर्मा, कृष्णा फौगाट, रणधीर सिंह, बलवीर कौर गांधी, जसवीर सिंह, आनंद बियाणी, मलकीत खोसा, राजेश चाडीवाल, विनीत कंबोज आदि उपस्थित थे।
जनता भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों से तंग आ चुकी है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि बीजेपी के 10 साल के शासन में देश व प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों से तंग आ चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 10 साल के कार्यकाल में किसान, व्यापारी, गरीब, मजदूर, महिलाओं तथा बेरोजगारों सहित सभी वर्गों को सिर्फ परेशान करने का ही काम किया है। जिसके चलते भाजपा के प्रति पूरे देश के लोगों में नाराजगी पाई जा रही है और लोगों का झुकाव कांग्रेस और उनके समर्थक पार्टियों की तरफ हो गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा द्वारा आयोजित रैलियों में प्रधानमंत्री ने भाजपा द्वारा किए गए कार्यों पर कुछ नहीं बोला। बोलें भी कैसे भाजपा सरकार ने कोई ऐसा कार्य किया ही नहीं, जिसका जिक्र मोदी करते। इसलिए उन्होंने सिर्फ और सिर्फ झूठ व जुमलों का सहारा लिया। कुमारी सैलजा ने कहा कि पांच चरणों के मतदान के बाद साफ हो चुका है कि भाजपा और मोदी देश की सत्ता से जा रहे हैं, कांग्रेस व इंडिया गठबंधन आ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावों में राम को बीच में ला रहे है पर लोगों को मोदी या भाजपा से राम के नाम का सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं है, क्योंकि राम हमारे दिल में है।