गुरुग्राम। निर्दलीय प्रत्याशी नवीन गोयल की चुनावी जंग में उनका समर्थन तेजी से बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को भाजपा के कई प्रमुख कार्यकर्ताओं ने भाजपा छोड़कर नवीन गोयल का समर्थन किया, जिससे उनका कारवां और भी मजबूत हो गया। इस समर्थन को उनकी संभावित जीत की रणभेरी माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि नवीन गोयल अब सबसे मजबूत प्रत्याशी के रूप में उभर कर सामने आ रहे हैं।
गुरुवार को गुरुग्राम के सेक्टर-17 स्थित श्री माधव सेवा केंद्र में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा के अर्जुन मंडल, महिला मंडल प्रमुख सोनिया गोयल, शक्ति केंद्र प्रमुख विजय गोयल, दलीप सिंह (सीए), बूथ अध्यक्ष सूरज भान, रूप सिंह बघेल, मंडल सचिव लक्की सिंह, ब्रह्म कागड़ा, कुलदीप, जुगेश सारवान, संजय बालगुहेर, विनोद बालगुहेर, नंदू प्रधान, सुनीता, सुषमा, ललित, बूथ अध्यक्ष गौरव, सौरभ, दीपक सारवान, अरुण सारवान, सतीश भूषण और कई अन्य प्रमुख कार्यकर्ताओं ने नवीन गोयल को अपना समर्थन दिया।
इन सभी कार्यकर्ताओं ने नवीन गोयल को ऐतिहासिक वोटों से विजयी बनाने की शपथ ली। नवीन गोयल ने सभी का स्वागत करते हुए कहा, “मैं पहले भी समाज के सभी वर्गों का सम्मान करता था और आगे भी करता रहूंगा। चुनाव में अब केवल 8 दिन बाकी हैं और गुरुग्राम की जनता इस बार नया इतिहास लिखने को तैयार है।” उन्होंने जनता से अपील की कि 5 अक्टूबर को “कांच के गिलास” पर वोट देकर गुरुग्राम के विकास की नई गाथा लिखने की शुरुआत करें।
समर्थन से बढ़ रही नवीन गोयल की ताकत नवीन गोयल ने कहा कि उन्हें गुरुग्राम की देवतुल्य जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। उनका चुनाव प्रचार हर कॉलोनी और सेक्टर तक पहुंच चुका है और लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि गुरुग्राम के एससी समाज के लिए नगर निगम में 7 सीटें सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। नवीन गोयल ने कहा, “लोग गुरुग्राम का विकास चाहते हैं, और मुझे मिल रहा समर्थन इसका प्रमाण है।”
इससे पहले बंटी पाहुजा, सीमा पाहुजा, सुमेर सिंह तंवर और अनुराधा शर्मा जैसे प्रमुख सामाजिक नेताओं ने भी नवीन गोयल का समर्थन किया है। अब भाजपा से जुड़े कई बड़े कार्यकर्ताओं के समर्थन से नवीन गोयल की ताकत और बढ़ गई है। उन्होंने कहा, “हम सभी मिलकर गुरुग्राम को विकसित शहर बनाने के लिए काम करेंगे।”
भाजपा कार्यकर्ताओं का असंतोष भाजपा से आए कार्यकर्ताओं ने नवीन गोयल को समर्थन देते हुए कहा कि भाजपा द्वारा उनकी टिकट काटे जाने से जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को आहत किया गया है। महेश सारवान ने कहा, “हमने भाजपा को जमीनी स्तर से सींचा है, लेकिन पार्टी ने हमें नजरअंदाज किया है। अब हम नवीन गोयल के साथ मजबूती से खड़े हैं।”
समाज का व्यापक समर्थन धनक समाज के नेता योगेश सोलंकी ने भी नवीन गोयल को समर्थन दिया और कहा, “हम पूरा समाज नवीन गोयल के साथ हैं और उन्हें विधायक बनाने का संकल्प लिया है।” वाल्मीकि समाज के जुगेश सारवान ने नवीन गोयल द्वारा समाज के हित में किए गए कार्यों की सराहना की और कहा कि उनकी ईमानदारी और सच्चाई के कारण समाज का हर व्यक्ति उनके साथ खड़ा है।
पार्टी के नेताओं का पलायन नवीन गोयल ने कहा कि अगर भाजपा ने सही तरीके से टिकट वितरण किया होता, तो पार्टी को इतने बड़े नेताओं को गुरुग्राम में लाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। उन्होंने कहा, “जहां पार्टी की स्थिति कमजोर है, वहां इन नेताओं की जरूरत होती।” उन्होंने जीएल शर्मा जैसे बड़े नेता का पार्टी छोड़ने का भी उदाहरण दिया, जो भाजपा के आंतरिक असंतोष को दर्शाता है।
नवीन गोयल ने कहा कि अब गुरुग्राम की जनता का समर्थन ही उनकी असली ताकत है और वे इस समर्थन के दम पर गुरुग्राम के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का वादा करते हैं।