
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रेस वार्ता
चंडीगढ़, 22 नवंबर: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के बारे में प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी, ओडिशा के राज्यमंत्री सूर्यवंशी सूरज और यूनाइटेड रिपब्लिक ऑफ तंजानिया की हाई कमिश्नर अनीसा कपुफी मबेगा का धन्यवाद किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष, अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 28 नवंबर से 15 दिसंबर तक कुरुक्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है। यह महोत्सव पिछले 8 सालों से अपार सफलता और लोकप्रियता प्राप्त कर चुका है।
धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र 48 कोस के क्षेत्र में फैला है
उन्होंने बताया कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र 48 कोस के क्षेत्र में फैला है और इस क्षेत्र में 182 तीर्थों की पहचान की जा चुकी है। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि 2019 में मॉरीशस, 2022 में लंदन, 2023 में ऑस्ट्रेलिया और 2024 में श्रीलंका और इंग्लैंड में भी गीता महोत्सव मनाया गया। इस बार तंजानिया को भागीदार देश और ओडिशा को भागीदार राज्य के रूप में जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री ने महोत्सव के प्रमुख आयोजनों की जानकारी दी:
28 नवंबर से 15 दिसंबर तक ब्रह्मसरोवर के पावन तट पर गीता महाआरती का आयोजन होगा।
28 नवंबर से 11 दिसंबर तक कुरुक्षेत्र के 48 कोस के क्षेत्र में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
5 दिसंबर को ब्रह्मसरोवर पर गीता यज्ञ एवं पूजन से महोत्सव की विधिवत शुरुआत होगी।
उसी दिन, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी का आयोजन होगा।
9 दिसंबर को महोत्सव के दौरान पुरुषोतमपुरा भाग में संत सम्मेलन होगा।
10 दिसंबर को अखिल भारतीय देवस्थानम सम्मेलन पुरुषोत्तमपुरा में आयोजित होगा।
11 दिसंबर को गीता जयंती के अवसर पर ज्योतिसर तीर्थ पर गीता पाठ, भागवत और 18000 विद्यार्थियों द्वारा गीता का पाठ होगा।
11 दिसंबर को, 48 कोस के सभी 182 तीर्थों पर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
9-11 दिसंबर तक सभी जिला मुख्यालयों पर गीता महोत्सव आयोजित किए जाएंगे।
5-11 दिसंबर तक ब्रह्मसरोवर पर गीता पुस्तक मेला और प्रदर्शनी का आयोजन होगा।
28 नवंबर से 15 दिसंबर तक सरस मेला भी आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस महोत्सव को धर्म, संस्कृति और एकता का प्रतीक बताया और कहा कि यह हरियाणा की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।