
चंडीगढ़/अम्बाला, 05 दिसंबर:
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 9 दिसंबर को पानीपत में बीमा सखी योजना की शुरुआत करेंगे, जिसमें अम्बाला छावनी विधानसभा से सैकड़ों महिलाएं हिस्सा लेंगी। विज ने आज अम्बाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए इस कार्यक्रम के लिए महिला कार्यकर्ताओं के प्रबंधों पर चर्चा की।
विज ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 9 दिसंबर को दोपहर 12 बजे पानीपत में बीमा सखी योजना की शुरुआत करेंगे, जो लाखों महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलेगी और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी। इस योजना से देशभर की लाखों महिलाएं लाभान्वित होंगी।
भा.ज.पा. का सदस्यता अभियान 10 दिसंबर तक बढ़ा
बैठक के दौरान, मंत्री अनिल विज ने भाजपा के सदस्यता अभियान की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि पहले यह अभियान 5 दिसंबर तक था, लेकिन अब इसे 10 दिसंबर तक बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे छावनी के हर जोन में कैंप लगाकर अधिक से अधिक नए सदस्य जोड़ें।
अम्बाला छावनी में अतिक्रमण नोटिसों पर चर्चा
बैठक के दौरान, हाल ही में अम्बाला छावनी में हजारों प्रॉपर्टी मालिकों को कोर्ट से अतिक्रमण के नोटिस मिलने पर भी चर्चा हुई। मंत्री अनिल विज ने कहा कि लगभग 6500 नोटिसों के खिलाफ एक वकीलों की कमेटी बनाई जाए, जो इन नोटिसों का सामना करें और अपना पक्ष कोर्ट में प्रस्तुत करें।
इस बैठक में भाजपा नेता जसबीर सिंह जस्सी, राजीव गुप्ता डिम्पल, विजेंद्र चौहान, संजीव सोनी, श्याम सुंदर अरोड़ा, रामबाबू यादव, बीएस बिंद्रा, नरेंद्र राणा, सुरेंद्र बिंद्रा, बलविंद्र शाहपुर, ललता प्रसाद, सुभाष शर्मा, आशिष अग्रवाल, भरत कोछड़, रणधीर सिंह, हैप्पी धीर, बलकेश वत्स, विपिन खन्ना सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे।