
अम्बाला, 16 दिसम्बर/ हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी की जनता को नमन करते हैं जिन्होंने उन्हें सातवीं बार विधायक चुना। वे जहां भी जाते हैं, लोग उनसे बार-बार जीतने का राज पूछते हैं और वे हमेशा यही जवाब देते हैं कि “यह सवाल मेरी जनता से जाकर पूछो, वही बताएगी कि जिसने मुझे सात बार विधायक बनाया है।”
चुनाव में अक्सर पैसा और छल-कपट का सहारा लिया जाता है
12 क्रास रोड पर यादव सभा की ओर से आयोजित यादव परिवार मिलन समारोह में मुख्यतिथि के रूप में विज ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में अक्सर पैसा और छल-कपट का सहारा लिया जाता है, इसके बावजूद अम्बाला छावनी की जनता ने उन्हें फिर से जिताया है। वे अपनी पूरी ताकत से अम्बाला की जनता के लिए काम करने का प्रयास करेंगे।
विज ने कोविड-19 के दौरान यादव सभा के समाज सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस दौरान वे भी कोविड संक्रमित हुए थे और डॉक्टरों ने उन्हें जवाब तक दे दिया था। भगवान की कृपा से वे स्वस्थ हो गए और खराब सेहत के बावजूद भी उन्होंने काम करना जारी रखा और विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
अम्बाला छावनी को महानगर बनाने की दिशा में काम
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि हाल ही में उन्होंने नन्हेड़ा फ्लाईओवर को चालू करवाया है, शाहपुर में रेलवे अंडरपास बनवाया और घसीटपुर में एक और रेलवे अंडरपास बन रहा है। मच्छौंडा में रेलवे ओवर ब्रिज भी जल्द ही बनेगा। इससे पहले कई इलाके रेलवे लाइनों के कारण अम्बाला छावनी से कटे हुए थे, लेकिन अब इन बाधाओं को दूर किया गया है। उनका उद्देश्य है कि अम्बाला छावनी रिंग रोड तक फैले और एक महानगर बने।
समाज के लिए योगदान
विज ने कहा कि जिस विभाग के वे मंत्री बने, उसी विभाग का लाभ उन्होंने अम्बाला छावनी की जनता को दिलवाया है। बतौर स्वास्थ्य मंत्री उन्होंने सिविल अस्पताल और कैंसर अस्पताल बनवाए। अस्पताल में प्रतिदिन तीन हजार से अधिक मरीज आते हैं। हाल ही में सिविल अस्पताल के सामने फुट ओवर ब्रिज और एस्केलेटर लगाने का कार्य किया है ताकि दुर्घटनाएं न हों। जब वे खेल मंत्री थे, तो उन्होंने फुटबॉल स्टेडियम, स्वीमिंग पूल, जिम्नास्टिक हॉल और बैडमिंटन हॉल बनवाए थे।
25 साल से बंद पड़ी लोकल बस सेवा को फिर से शुरू किया।
अनिल विज ने बताया कि जब वे परिवहन मंत्री बने, तो उन्होंने 25 साल से बंद पड़ी लोकल बस सेवा को फिर से शुरू किया। अब कलरहेड़ी, डिफेंस कॉलोनी, बोह, बब्याल, नन्हेड़ा और अन्य क्षेत्रों के निवासियों के लिए लोकल बस सेवा उपलब्ध है।
समाज को जोड़ने की आवश्यकता:
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यादव सभा द्वारा आयोजित जैसे कार्यक्रम लोगों को एकजुट करने में मदद करते हैं। उन्होंने समाज को जोड़कर रखने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि हम जितने मजबूत होंगे, हमारा देश उतना मजबूत होगा। उन्होंने यह भी कहा कि हम सभी को एकजुट रहकर अपने समाज और देश को आगे बढ़ाना चाहिए।
सम्मान और प्रोत्साहन:
यादव समाज के बच्चों और कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के लिए विज ने कहा कि सकारात्मक कार्यों का उत्साहवर्धन किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि समाज में जो अच्छा कार्य करता है, उसका उत्साहवर्धन करना जरूरी है ताकि दूसरों को भी प्रेरणा मिले।
इस कार्यक्रम में विज का यादव सभा अम्बाला द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। उन्हें पगड़ी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रो. अतुल यादव, सभा प्रधान बलवंत यादव, अमर यादव, श्याम बाबू यादव, राम बाबू यादव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।