
दो मार्च को कमल के फूल का ध्यान रखें, फिर कमल का फूल आपका ध्यान रखेगा: विजय परमार
-वार्ड-32 से भाजपा पार्षद प्रत्याशी विजय परमार ने जनता से मांगे वोट
गुरुग्राम। नगर निगम चुनाव में वार्ड-32 से भाजपा प्रत्याशी विजय परमार ने अपने चुनाव प्रचार अभियान में तेजी लाते हुए जनता के बीच कहा कि दो मार्च को कमल के फूल का ध्यान रखें। फिर कमल का फूल आप सबका ध्यान रखेगा। विजय परमार ने वार्ड के मौजिज व्यक्तियों, मातृ शक्ति का आभार जताया, जो खुद ही उनके चुनाव प्रचार की कमान संभाले हुए हैं। डोर टू डोर उनका प्रचार करके लोगों को जोडऩे का काम कर रहे हैं।
अपने वार्ड में उन्होंने लोगों के बीच कहा कि पहले हम सबने मिलकर देश में कमल खिलाया। फिर हरियाणा प्रदेश में कमल खिलाया। अब गुरुग्राम में कमल खिलाने की बारी है। उन्होंने कहा कि मेयर पद के लिए सादगी की मूर्ति राज रानी मल्होत्रा को पार्टी ने चुनाव में उतारा है। मतदान केंद्र में एक ईवीएम में मेयर पद के लिए हमें कमल के निशान के सामने का बटन दबाकर गुरुग्राम की छोटी भाजपा सरकार बनानी है। दूसरी ईवीएम में भी कमल के निशान पर वोट देकर अपने वार्ड की सरकार बनानी है। विजय परमार ने कहा कि विकास का इतिहास उठाकर देखें तो पिछले 10 साल में भाजपा ने जो विकास किया है, वह 70 साल में नहीं हो पाया। इसलिए देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों में विश्वास करते हुए भाजपा को ही चुनती आ रही है।
भारतीय जनता पार्टी है तो आपका विकास है।
लोगों का आशीर्वाद लेते हुए वार्ड-32 से प्रत्याशी विजय परमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की छोटी से लेकर बड़ी सरकार है तो आपका सम्मान है। भारतीय जनता पार्टी है तो आपका विकास है। भारतीय जनता पार्टी है तो आपको सुविधाएं हैं। भारतीय जनता पार्टी है तो आपका भविष्य स्वर्णिम है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में भ्रष्टाचार पर पूरी तरह से लगाम लगा दी गई है। विजय परमार ने दावे के साथ कहा कि गुरुग्राम में मेयर के पद पर भी कमल खिलेगा और वार्डों में भी कमल खिलेगा। यहां की जनता काम पर वोट देगी।