
oplus_131072
गुरुग्राम, 6 मार्च: मानेसर नगर निगम चुनाव में भाजपा के मेयर प्रत्याशी सरपंच सुंदर लाल यादव ने दावा किया है कि 12 मार्च को हरियाणा में सबसे पहले मानेसर से भाजपा का मेयर घोषित होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 10 नगर निगमों में भाजपा के ही मेयर बनेंगे, क्योंकि पार्टी ने मजबूती से चुनाव लड़ा है।
गुरुवार को सेक्टर-82 स्थित अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने संगठन का आभार जताते हुए कहा कि मानेसर की जनता ने भाजपा को विकास के नाम पर वोट दिया है। उन्होंने दावा किया कि वे 15,000 से अधिक वोटों से यह चुनाव जीतेंगे।
भाजपा को भारी बहुमत मिलने का दावा
सरपंच सुंदर लाल यादव ने कहा कि मानेसर की जनता ने विकास के लिए भाजपा को वोट दिया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की सोसायटी के करीब 12,000 वोटों में से 11,000 वोट भाजपा को मिले हैं। जनता ने खुलकर भाजपा का समर्थन किया है।
उन्होंने कहा कि मानेसर में 96 बूथों में से 80 से अधिक पर भाजपा की जीत तय है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, आरती राव, सांसद अनुराग ठाकुर, कंगना रनौत, मनोज तिवारी, गौरव गौतम, पूर्व मंत्री बनवारी लाल, पटौदी विधायक बिमला चौधरी और पूर्व विधायक सत्यप्रकाश जरावता का चुनावी समर्थन के लिए आभार जताया।
जीत के बाद मानेसर के विकास का वादा
सुंदर लाल यादव ने कहा कि मानेसर क्षेत्र भाजपा सरकार के साथ चलने वाला क्षेत्र है। उन्होंने वादा किया कि—
- पीने के शुद्ध पानी की व्यवस्था की जाएगी।
- सड़कों की मरम्मत और सीवरेज लाइनों का काम प्राथमिकता से किया जाएगा।
- शिक्षा, स्वास्थ्य, कम्युनिटी सेंटर और ग्रीन बेल्ट में सुधार लाया जाएगा।
- भ्रष्टाचार को खत्म किया जाएगा और सुशासन को बढ़ावा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वे निजी कंपनियों के सीएसआर फंड से स्कूलों और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का विकास करेंगे।
खेरकी दौला टोल हटाने पर दिया बयान
खेरकी दौला टोल हटाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह मामला केंद्र और राज्य सरकार के विचाराधीन है। हालांकि, वे यह सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे कि मानेसर के स्थानीय निवासियों से टोल टैक्स न लिया जाए।
जनता का समर्थन ही भाजपा की जीत की गारंटी
सुंदर लाल यादव ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान जनता का जोश देखकर यह पहले ही साफ हो गया था कि भाजपा की जीत तय है। उन्होंने कहा कि प्रचार के दौरान ऊंट-घोड़े नचाने से लेकर डीजे पर जश्न मनाने तक, जनता ने पूरे उत्साह से भाजपा का समर्थन किया।
उन्होंने कहा, “हम ट्रिपल इंजन की सरकार के साथ मिलकर मानेसर का सर्वांगीण विकास करेंगे और क्षेत्र को भ्रष्टाचार मुक्त बनाएंगे।”