
– अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम
– महिलाओं को सेनेटरी पैड्स वितरित किए गए
– डॉक्टरों ने दी पोषण और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी
6 मार्च, मानेसर: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर निगम मानेसर और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) गुरुग्राम इकाई के संयुक्त तत्वावधान में महिला सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सफाई कर्मियों को स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं और सेनेटरी पैड्स वितरित किए गए। कार्यक्रम में जीरो प्लास्टिक वेस्ट को प्राथमिकता देते हुए सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया गया। यह आयोजन नगर निगम आयुक्त रेनू सोगन के दिशा-निर्देश में संपन्न हुआ।
महिलाओं को दी गई स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
कार्यक्रम का आयोजन गांव नौरंगपुर स्थित निगम वाटिका में किया गया, जिसमें आईएमए की महिला डॉक्टरों ने महिलाओं को स्वास्थ्य की देखभाल के टिप्स दिए। डॉक्टर रेनू भाटिया, अंजू शर्मा, रीमा गोयल ने महिलाओं को संतुलित आहार का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने आहार में फल, सब्जियां, फाइबर और प्रोटीन युक्त भोजन को शामिल करना चाहिए।
डॉक्टरों ने बताया कि—
✔ महिलाओं में खून की कमी रोकने के लिए फोलिक एसिड युक्त आहार, हरी सब्जियां और खट्टे फल लेना जरूरी है।
✔ 20 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को नियमित रूप से कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर की जांच करवानी चाहिए।
✔ कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना आवश्यक है।
पर्यावरण संरक्षण पर भी दिया गया संदेश
स्वच्छ भारत मिशन की विशेषज्ञ जेनिथ चौधरी ने महिलाओं को प्लास्टिक कचरे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया और सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाएं घर में कूड़े को अलग-अलग वर्गीकृत कर पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभा सकती हैं।
सम्मानित अतिथियों की उपस्थिति
इस कार्यक्रम में नगर निगम मानेसर के उप-निगम आयुक्त विनोद नेहरा, सफाई अधिकारी एमएस सोढ़ी, एसएसआई विजय कौशिक, आईएमए की ओर से डाॅ. पुष्पा बिश्नोई, वंदना नरूला, शिल्पी शर्मा, सारिका वर्मा, विनीता यादव, ज्योति यादव, अनिता अग्रवाल, आशा बालूजा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।