
गुरुग्राम में भाजपा महिला मोर्चा ने धूमधाम से मनाया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस
गुरुग्राम, 8 मार्च: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गुरुग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होकर प्रदेश की महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत में सदियों से महिलाओं को देवी का स्वरूप माना जाता है और जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं चलाई गई हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं और नए भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।
भाजपा कार्यालय गुरुकमल में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने फूलों की होली खेली और अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने मंच से ही अपनी “देहदान” करने की घोषणा कर सभी को प्रेरित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने उनके इस निर्णय की सराहना की और इसे समाज के लिए अनुकरणीय बताया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष कमल यादव, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली और उनकी धर्मपत्नी गीता बड़ौली का स्वागत किया।
महिला सशक्तिकरण के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता 
पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपनी सुरक्षा में महिला शक्ति को शामिल करना ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन हो या फिर युद्ध का क्षेत्र, मातृशक्ति ने हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे देश और समाज को दिशा देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद से ही महिलाओं को सशक्त करने के लिए सार्थक प्रयास किए गए हैं। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसी योजनाओं से लड़कियों की शिक्षा को प्रोत्साहित किया गया है, जिससे उनका शैक्षणिक और सामाजिक सशक्तिकरण हो रहा है। इसके अलावा, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए भी सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं, जिनका लाभ महिलाओं को मिल रहा है।
महिलाओं को अंगदान और रक्तदान के लिए किया प्रेरित
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होती हैं, तो पूरा परिवार और समाज मजबूत होता है। उन्होंने महिलाओं से अधिक से अधिक अंगदान और रक्तदान करने का आग्रह किया, जिससे जरूरतमंदों को जीवनदान मिल सके।
कार्यक्रम को भाजपा जिला अध्यक्ष कमल यादव, प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर निवर्तमान मेयर मधु आज़ाद, पूर्व मेयर प्रत्याशी राजरानी मल्होत्रा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सोनिया यादव, पूनम भटनागर, आलिश तोमर सहित बड़ी संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी उपस्थित रहीं।
महिला सशक्तिकरण के लिए भाजपा सरकार की प्रमुख पहलें
- बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान – लड़कियों की शिक्षा और सुरक्षा के लिए
- उज्ज्वला योजना – महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन प्रदान कर उनका जीवन आसान बनाने के लिए
- सुकन्या समृद्धि योजना – बेटियों के उज्जवल भविष्य के लिए बचत योजना
- प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना – गर्भवती महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता योजना
पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए संकल्पित है और भविष्य में भी महिला सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।