
कहा- विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है हरियाणा
हिसार ,नई दिल्ली, 14 अप्रैल – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हिसार हवाई अड्डे पर आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और प्रदेश के विकास को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा ने अपने विकास की दिशा में नए आयाम स्थापित किए हैं और यह प्रदर्शनी प्रदेश की विकास गाथा को उजागर करती है। यह प्रदर्शनी सूचना, जन संपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा लगाई गई है, जो सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, परियोजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही है।
निर्यात के आंकड़े भी उल्लेखनीय हैं
मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए बताया कि इसमें प्रदेश सरकार की मुख्य योजनाओं और विकास के आंकड़ों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश की आर्थिक स्थिति का अंदाजा उसकी प्रति व्यक्ति आय से लगाया जा सकता है। हरियाणा में 2024-25 में प्रति व्यक्ति आय 3 लाख 53 हजार 181 रुपये तक पहुंच गई है, जो कि 2014 में केवल 1 लाख 37 हजार 770 रुपये थी। इसके अलावा, निर्यात के आंकड़े भी उल्लेखनीय हैं, 2023-24 में हरियाणा का निर्यात 2 लाख 75 हजार 245 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो 2014 में मात्र 68 हजार 32 करोड़ रुपये था।
पिछले दस वर्षों में हर वर्ष 8 नए राजकीय महाविद्यालय स्थापित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि प्रदेश सरकार ने पिछले दस वर्षों में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि 2014 में प्रदेश में केवल 6 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि अब उनकी संख्या बढ़कर 15 हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले वर्षों में हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। इसी तरह, विश्वविद्यालयों की संख्या 43 से बढ़कर अब 58 हो चुकी है और 105 राजकीय महाविद्यालयों की संख्या अब 185 हो गई है। पिछले दस वर्षों में हर वर्ष 8 नए राजकीय महाविद्यालय स्थापित किए गए हैं।
प्राकृतिक आपदा में फसल मुआवजा राशि को 10 हजार से बढ़ाकर 15 हजार रुपये
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों को अधिक सुविधाएं देने के लिए पात्रता में बदलाव किए हैं। बीपीएल परिवार की वार्षिक आय को 1 लाख 20 हजार से बढ़ाकर 1 लाख 80 हजार रुपये कर दिया गया है। प्राकृतिक आपदा में फसल मुआवजा राशि को 10 हजार से बढ़ाकर 15 हजार रुपये कर दिया गया है और अगर प्राकृतिक आपदा से किसी की मृत्यु हो जाती है तो उसके परिवार को 4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सभी योजनाओं की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध है, जिससे लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। उन्होंने कहा कि सरकार तकनीकी माध्यमों से लोगों को अधिक से अधिक सुविधाएं प्रदान कर रही है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, श्री कृष्ण बेदी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री मोहनलाल बडोली भी उपस्थित थे। प्रदर्शनी के बारे में सूचना, जन संपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के एम पांडुरंग ने मुख्यमंत्री को विस्तार से जानकारी दी।