
स्वस्थ व समृद्ध भारत के लिए “नशा मुक्त भारत अभियान ज़रूरी- जैन आचार्य लोकेश
नशा मुक्ति के खिलाफ आंदोलन एक सामूहिक संकल्प है – मुख्यमंत्री सैनी
चंडीगढ़ से नशे के खिलाफ क्रांति प्रारम्भ – मुख्यमंत्री भगवंत मान
चंडीगढ़, 3 मई 2025: स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार नशा मुक्ति के लिए दो राज्यों के राज्यपाल, दो राज्यों के मुख्यमंत्री व विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु एक मंच पर साथ आए और “नशे से दूर, जियो भरपूर” नारे के साथ नशा मुक्त भारत के लिए जोरदार मुहिम शुरू की।
पंजाब के राज्यपाल माननीय गुलाबचंद कटारिया, हरियाणा के राज्यपाल माननीय बंडारू दत्तात्रेय, अहिंसा विश्व भारती एवं विश्व शांति केंद्र के संस्थापक जैन आचार्य लोकेशजी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित अनेक धर्माचार्य व सरकारी अवसरों ने चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में नशा मुक्ति आंदोलन प्रारम्भ किया | इस मौके पर राज्यपाल के नेतृत्व में सचिवालय से नशे के खिलाफ पदयात्रा भी निकाली गईं। इस पदयात्रा में नगर निगम प्रशासन समिति सभी प्रमुख विभागों के अधिकारियों के अलावा स्कूल के स्टूडेंट्स भी शामिल हुए।
नशा विरोधी जागरूकता अभियान को हर शहर हर कस्बे तक ले जाया जाएगा |
पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने बल्ला घुमाओ नशा भगाओ का नारा लगवाया और कहा कि पंजाब में नशीले पदार्थों के खतरे को देखते हुये पंजाब सरकार द्वारा नशा विरोधी जागरूकता अभियान को हर शहर हर कस्बे तक ले जाया जाएगा |
हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि स्वस्थ समाज की संरचना के लिए समाज को नशे से मुक्ति दिलाना आवश्यक है | उन्होने कहा कि जब राजनेता, धर्माचार्य, समाजसेवी एक मंच से नशा मुक्ति के खिलाफ आवाज उठाएंगे तो इसका असर होना निश्चित है |
विश्व शांतिदूत आचार्यश्री लोकेश ने कहा कि नशा से व्यक्ति के मन, बुद्धि और तन का स्वस्थ खराब हो जाता है, जिससे व्यक्ति व समाज दोनों में विकृतिया पैदा होती हैं, इसका निवारण सामूहिक ज़िम्मेदार है | नशे के लत से अनेक गृहस्थ बर्बाद हो रहे हैं, महिलाओं और बच्चों पर गलत असर पड़ता है | बहुत सारे युवा नशे की ओर जा रहे हैं, हमारे सामने अनेक चुनौतियां हैं |
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस बात पर जोर दिया कि यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि एक सामूहिक संकल्प है जिसे हम सभी ने अपने समाज को नशे की लत से मुक्त करने के लिए लिया है। सीएम सैनी ने कहा कि हमने यह संकल्प हमारी युवा पीढ़ी के लिए उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करने और एक विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए मिलकर लिया है |
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि मैं नशे के खिलाफ क्रांति देख रहा हूँ | पंजाब के लोग सेना में भर्ती होने, कुश्ती, कबड्डी और भागडा के लिए मशहूर हैं, लेकिन नशे के कारण यह प्रसिद्धि फीकी पड़ गई है | पंजाब व हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करना होगा |
पदयात्रा में अनेक सांसदों, सिख धर्म के बाबा भूपेन्दर सिंह जी, हिंदू धर्म से महामण्डलेश्वर स्वामी दिनेशानंद जी, ईसाई धर्म से फ़ादर प्रेमानंद जी, सांसद सतनाम सिंह संधू, सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी सहित 2500 से अधिक स्कूली बच्चे व जनसमूह उपस्थित था | कार्यक्रम का शुभारंभ एवं समापन राष्ट्रगान से हुआ |