
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में किया श्री कृष्ण कृपा प्रेरणा उत्सव को सम्बोधित
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद के जन्मदिवस पर आयोजित उत्सव में मुख्यमंत्री ने लिया संतजनों से आशीर्वाद
मुख्यमंत्री बोले, गुरुग्राम केवल आधुनिक शहर ही नहीं बल्कि महाभारत काल से ही सांस्कृतिक चेतना की रही भूमि
गुरुग्राम, 16 मई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मोबाइल और सोशल मीडिया के दौर में हमारी युवा पीढ़ी को आधुनिकता की दौड़ में अपनी संस्कृति से दूर नहीं होना चाहिए। युवाओं को जीवन में संतुलन स्थापित करने के लिए आध्यात्मिक ज्ञान और भगवान श्री कृष्ण के कर्म के सन्देश को अपनाना चाहिए।
उन्होंने यह बात गुरुवार की देर शाम गुरुग्राम के सेक्टर 29 स्थित लेज़र वैली पार्किंग में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानन्द के जन्मदिवस के उपलक्ष में आयोजित श्री कृष्ण कृपा प्रेरणा उत्सव को सम्बोधित करते हुए कही।
श्री कृष्ण कृपा प्रेरणा उत्सव में उमड़ा संत समाज
नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दी और उनका आशीर्वाद लिया। श्री कृष्ण कृपा प्रेरणा उत्सव में दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, देश भर से संत समाज और भजन गायक पहुंचे थे। संत समाज से शंकराचार्य ज्ञानानंद महाराज, स्वामी कार्ष्णि गुरुशरणानंद महाराज श्री रमणरेती धाम मथुरा, राघवेंद्र स्वामी, स्वामी धर्मदेव, जैन संत आचार्य लोकेश मुनि, बाबा भूपेंद्र सिंह आरएसएस के प्रान्त संघ चालक डा. पवन जिंदल, प्रान्त कार्यवाह प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में विशिष्टजन उपस्थित हुए।
जब भी समय मिले, गीता के दो श्लोक जरूर पढ़े
मुख्यमंत्री ने देश भर से पहुंचे संत समाज, हरियाणा की बेटी व दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता का प्रदेश में आगमन पर स्वागत किया। उन्होंने अपने सम्बोधन में युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि चाहे आप डॉक्टर, इंजीनियर या उद्यमी बनें, लेकिन जीवन में राधा-कृष्ण का प्रेम और त्याग ज़रूर रखें। जब भी समय मिले, गीता के दो श्लोक अवश्य पढ़ें, भक्ति के मार्ग पर कुछ क्षण ज़रूर बिताएं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि आने वाली पीढ़ियां भारतीय संस्कृति को केवल पुस्तकों में नहीं, जीवन में भी आत्मसात करें।
ऑपरेशन सिंदूर राष्ट्रीय गरिमा का प्रतीक
नायब सिंह सैनी ने कहा कि जिस गुरुग्राम की भूमि पर हम आज खड़े हैं, वह केवल एक आधुनिक शहर नहीं है, यह महाभारत काल से लेकर आज तक सांस्कृतिक चेतना की भूमि रही है। यहीं से गुरुद्रोणाचार्य ने शिष्यों को धर्म और युद्ध की शिक्षा दी। आप संतों ने हमेशा अहिंसा का मार्ग दिखाया लेकिन कई बार हमारी सहनशीलता को हमारी कमजोरी समझ लिया गया। जिसका जवाब हमने रौद्र रूप धर कर भी दिया। बीते दिनों पहलगाम में कायराना हरकत हुई। हमारी सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर के रूप में आतंकियों का सीमा पार जाकर नाश किया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह सैन्य अभियान राष्ट्रीय गरिमा का प्रतीक बन गया।
भौतिक विकास के साथ आद्यात्मिक चेतना का भी उत्थान
गीता मनीष स्वामी ज्ञानानंद को साधुवाद देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके प्रयासों से आज दुनिया भर में श्रीमदभागवत गीता के ज्ञान की धारा अविरल बह रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार केवल विकास के भौतिक आयामों तक सीमित नहीं है। हम चाहते हैं कि हरियाणा में आध्यात्मिक चेतना का भी उत्थान हो। इसी उद्देश्य से कुरुक्षेत्र को धर्मनगरी के रूप में वैश्विक पहचान देने हेतु “गीता महोत्सव” को अंतर्राष्ट्रीय स्वरूप दिया गया है। तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से वृद्धजनों को तीर्थयात्रा की सुविधा दी जा रही है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व उनकी टीम का सहयोग के लिए आभार : रेखा गुप्ता
वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने अपने सम्बोधन में पूर्व में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी व उनकी टीम से मिले सहयोग को लेकर आभार जताया। उन्होंने गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दी और कहा आपका जीवन भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और भगवद्गीता के सार्वकालिक संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए समर्पित है। आपकी वाणी में केवल शब्द नहीं, अपितु आध्यात्मिक ऊर्जा, संतुलन और जीवन-दर्शन प्रवाहित होता है, जो आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है।
इस अवसर पर यह रहें मौजूद
इस अवसर पर क़ृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, सामाजिक न्याय, सशक्तिकरण व अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्ण बेदी, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजेश नागर, खेल एवं युवा सशक्तिकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौरव गौतम, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली, पटोदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, संजय सिंह, बीजेपी के जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, सीएसआर ट्रस्ट हरियाणा के पूर्व सीईओ बोधराज सीकरी, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व विधायक दीपक मंगला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वही जिला प्रशासन की ओर सी डीसी अजय कुमार, सीपी विकास अरोड़ा, नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहें।