
गुरुग्राम में पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान
गुरुग्राम, 16 मई 2025
महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ते अपराधों को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस द्वारा लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा (IPS) के दिशा-निर्देशों के तहत महिला सैल सैक्टर-51 की पुलिस टीम ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय, अकलीमपुर में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में नए भारतीय कानूनों, महिला विरोधी अपराध, पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराधों और सोशल मीडिया पर होने वाले अपराधों से संबंधित जानकारी विस्तार से दी गई। स्टाफ और स्कूल कर्मचारियों को इन विषयों की गंभीरता और उनसे निपटने के कानूनी उपायों के बारे में अवगत कराया गया।
डायल-112 ऐप: महिलाओं की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम
पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 मोबाइल ऐप से त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है। ऐप में एक बार नाम, मोबाइल नंबर और पता दर्ज करने के बाद, आपात स्थिति में सिर्फ एक बटन दबाकर पुलिस को अलर्ट भेजा जा सकता है। पुलिस को आपकी लोकेशन और जानकारी स्वतः प्राप्त हो जाती है, जिससे पीड़िता को समय पर सहायता मिलती है।
इस अवसर पर पुलिस टीम ने वहां मौजूद लोगों के मोबाइल में डायल-112 ऐप इंस्टॉल कर उसमें जानकारी अपडेट कराने में सहायता भी की। साथ ही, सभी को जागरूक किया गया कि किसी भी अपराध या संदेह की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें, क्योंकि पुलिस 24×7 आपकी सेवा में तत्पर है।
कर्मचारियों ने जताया आभार
इस कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के स्टाफ और कर्मचारियों ने गुरुग्राम पुलिस की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता अभियान आयोजित करने की मांग की।