
अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी में “संवाद से सद्भावना” सेमिनार को जैन आचार्य लोकेशजी संबोधित करेंगे
आचार्य लोकेशजी के बेंगलुरु में विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे
बेंगलुरु / 28 मई 2025: अहिंसा विश्व भारती एवं विश्व शांति केंद्र के संस्थापक प्रख्यात जैन आचार्य लोकेशजी, अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी बेंगलुरु में आयोजित “संवाद से सद्भावना” सेमिनार को संबोधित करेंगे | द्विदिवसीय सेमिनार में भाग लेने के लिए देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों से विभिन्न धर्मों, परम्पराओं, एवं संस्थानों के प्रमुख बेंगलुरु पहुँच रहे हैं | जैन आचार्य लोकेश आज प्रात: बेंगलुरु के लिए रवाना हुये |
विश्व शांतिदूत आचार्यश्री लोकेश जी ने बेंगलुरु प्रस्थान से पूर्व कहा कि पर्यावरण प्रदूषण से अधिक खतरनाक वैचारिक प्रदूषण है | आपसी सामंजस्य से ही एक दूसरे के प्रति प्रेम और सद्भाव रख सकते हैं | भारतीय समाज विविधतापूर्ण है और इसकी विशेषता कई धर्मों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से है। हमारे देश में विभिन्न धर्मों के लोग शांतिपूर्वक सह-अस्तित्व में रहे हैं। ‘संवाद से सद्भावना’ एक ऐसी पहल है जो समुदायों को एक-दूसरे की आस्था और विश्वास प्रणालियों को गहराई से समझने का अवसर प्रदान करती हैं| उन्होने अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी के प्रयासों की सरहना करते हुये कहा कि यह सेमिनार विश्व शांति और सद्भावना को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा |
त्रिदिवसीय बेंगलुरु प्रवास के दौरान आचार्य लोकेशजी का आर्ट ऑफ लिविंग के मुख्यालय पर श्री श्री रवि शंकरजी के साथ संवाद संगोष्ठी आयोजित होगी | इसी दौरान अखिल भारतीय ओसवाल जैन परिषद को आचार्यश्री संबोधित करेंगे | परिषद के संस्थापक चेयरमैन श्री रायचंद खटेड, राष्ट्रीय अध्यक्ष अध्यक्ष श्री राजेश मुणोत ने बताया कि विश्व शांति दूत आचार्य लोकेश जी द्वारा स्थापित भारत के प्रथम विश्व शांति केंद्र के बाद उनका पहली बार बेंगलुरु पदार्पण हो रहा है, परिषद के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए उत्साहित हैं |