
कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर संविधान और लोकतंत्र की हत्या की
कांग्रेस में आज भी धार्मिक तुष्टीकरण और अहंकार खुलेआम दिखता है
आपातकाल के 50 वर्ष पूरा होने पर भाजपा प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, नागेंद्र शर्मा और गोविंद भारद्वाज ने गोष्ठी को संबोधित किया
गुरुग्राम/सोहना, 25 जून। भाजपा प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि इंदिरा गांधी ने 25 जून 1975 को आपातकाल लगाकर संविधान और लोकतंत्र की हत्या की थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन किया और प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगा दिया। डा. अर्चना गुप्ता बुधवार को सोहना स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित गोष्ठी को संबोधित कर रही थी। डा. गुप्ता ने पत्रकारवार्ता कर सवालों के जवाब भी दिए और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। डा. गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान को किस प्रकार कुचला गया, संविधान की भावना को सत्ता सुख के लिए किस प्रकार से रौंदा गया था, यह पूरा देश जानता है। उन्होंने कहा कि संविधान की हत्या करने वालों और इस घटना से लोगों को हुई तकलीफों के बारे में आज की पीढ़ी को जानकारी होनी चाहिए। आपातकाल हुई गोष्ठी की अध्यक्षता गुरुग्राम ग्रामीण जिला अध्यक्ष अजीत यादव ने की। गोष्ठी को गोविंद भारद्वाज और नागेन्द्र शर्मा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर लोकतंत्र सेनानियों व उनके परिजनों को सम्मानित भी किया गया।
कांग्रेस उसी मानसिकता के साथ चल रही है, आज भी सिर्फ तरीकों का बदलाव हुआ है
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 25 जून 1975 की आधी रात को आंतरिक अशांति’ का बहाना बनाकर भारत पर आपातकाल थोप दिया। इंदिरा गांधी ने यह घातक निर्णय सत्ता बचाने की हताशा में लिया था। उन्होंने कहा हिक आज 50 वर्ष बाद भी कांग्रेस उसी मानसिकता के साथ चल रही है, आज भी सिर्फ तरीकों का बदलाव हुआ है, नीयत आज भी कांग्रेस की तानाशाही वाली है।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि मार्च 1971 में लोकसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीतने के बावजूद इंदिरा गांधी की वैधानिकता को चुनौती मिली। इंदिरा गांधी के विपक्षी उम्मीदवार राज नारायण ने इलाहाबाद हाई कोर्ट में चुनाव को भ्रष्ट आचरण और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के आधार पर चुनौती दी। 12 जून 1975 को कोर्ट ने इंदिरा गांधी को चुनाव में दोषी ठहराया और उन्हें 6 वर्षों तक किसी भी निर्वाचित पद पर रहने से अयोग्य करार दिया। उन्होंने कहा कि तब इंदिरा गांधी ने 25 जून 1975 को ’आंतरिक अशांति’ का हवाला देकर राष्ट्रपति से आपातकाल लगवा दिया। रातोंरात प्रेस की बिजली काटी गई, नेताओं को बंदी बनाया
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि इंदिरा गांधी ने ’आंतरिक अशांति’ की आड़ लेकर अनुच्छेद 352 का दुरुपयोग किया था। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि जिस संविधान की शपथ लेकर इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री बनी थीं, उसी संविधान की आत्मा को कुचलते हुए उन्होंने लोकतंत्र को एक झटके में तानाशाही में बदल दिया। उन्होंने कहा कि आज भी कांग्रेस शासित राज्यों में कानून व्यवस्था का यही हाल है। कांग्रेस शासित राज्यों में विरोध का दमन, धार्मिक तुष्टीकरण और सत्ता का अहंकार खुलेआम दिखता है यह सब आपातकालीन सोच की ही उपज है।
मोदी ने यह साबित किया है कि भारत एक महान शक्ति बनने की ओर अग्रसर है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि 25 जून इतिहास का एक काला अध्याय है। कांग्रेस ने सदा देश को नीचा दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ी, आपातकाल और कांग्रेस द्वारा देश विभाजन की घटना को देश कभी भूल नहीं सकता। जनता ने अच्छा काम करने वाली भाजपा को तीसरी बार मौका दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता देश का मान बढ़ाने के लिए काम कर रहा है। पीएम मोदी ने यह साबित किया है कि भारत एक महान शक्ति बनने की ओर अग्रसर है।
गोष्ठी को गोविंद भारद्वाज और नागेन्द्र शर्मा ने भी संबोधित किया और कांग्रेस पर निशाना साधा। गोविंद भारद्वाज ने कहा कि आपातकाल के दौरान एक परिवार को संविधान से ऊपर रखने वाली कांग्रेस आज भी ’राहुल-प्रियंका’ के इर्द-गिर्द सिमटी हुई है और सत्ता की चाबी अब भी सिर्फ खानदानी जेब में रखी जाती है।
कांग्रेस ने न सिर्फ अपनी सत्ता को बचाने के लिए बल्कि वैचारिक एजेंडे थोपने के लिए भी संविधान के साथ खिलवाड़ किया।
नागेंद्र शर्मा ने कहा कि गरीबों के लिए सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने का नाटक रच रहे राहुल गांधी यह कैसे भूल जाते हैं कि उनकी दादी इंदिरा ने दिल्ली की तुर्कमान गेट पर अपने घरों को बचाने के लिए गुहार लगाने वाले गरीबों पर गोलिया चलवाई थी। कांग्रेस सरकार ने प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया तक को भंग कर दिया, ताकि कोई संस्थान उनकी सेंसरशिप और मीडिया पर हमले की आलोचना न कर सके। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने न सिर्फ अपनी सत्ता को बचाने के लिए बल्कि वैचारिक एजेंडे थोपने के लिए भी संविधान के साथ खिलवाड़ किया।
जिला अध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर विरोधियों को जेलों में मानसिक और शारीरिक यातनाएं दी। महिला कैदियों के साथ भी अमानवीय व्यवहार हुआ, उन्हें न तो समुचित चिकित्सा दी गई, न ही उनके साथ सम्मानपूर्ण व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने आरएसएस, जनसंघ, एबीवीपी और कई अन्य संगठनों पर प्रतिबंध लगाकर यह सिद्ध कर दिया कि वह किसी भी विरोधी स्वर को बर्दाश्त नहीं कर सकती।
इन लोगों को किया गया सम्मानित
भाजपा प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता ने लोकतंत्र सेनानी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण मुखी, लोकतंत्र सेनानी चंद्र प्रकाश के पुत्र मेधराज आर्य, पवन गुप्ता पुत्र त्रिलोकचंद गुप्ता, अनिल भारती पुत्र अजीत भारती को सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला प्रभारी राजकुमार वोहरा, जिला अध्यक्ष अजीत यादव, बोधराज सीकरी, पूर्व मंत्री संजय सिंह, प्रदेश प्रवक्ता वैशाली तोमर, गणेश भारद्वाज, सौरव सिंगला, लोकेश भारद्वाज, नितिन भारद्वाज, गौरव चुघ, सुभाष बंसल, राघेश्याम सक्सेना, राम बाबू गुप्ता, प्रदीप सैनी, देवेंद्र यादव, मुकेश शर्मा आदि मौजूद रहे।