
लेबर लॉ एडवाइजर एसोसिएशन के आह्वान पर श्रम विभाग ने कर्मचारियों से किया संवाद
सैकड़ों कर्मचारियों को श्रम कल्याण योजनाओं की दी गई जानकारी
गुरुग्राम, मानेसर:
लेबर लॉ एडवाइजर एसोसिएशन, गुरुग्राम के सहयोग से श्रम विभाग द्वारा सलेक्ट हॉलीडेज़ रिसॉर्ट प्राइवेट लिमिटेड, मानेसर में श्रम कल्याण योजनाओं पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में गुरुग्राम एनसीआर के अतिरिक्त श्रम आयुक्त कुशल कटारिया उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम में सैकड़ों कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि “जागरूकता ही अधिकारों की प्राप्ति का माध्यम है।”
कटारिया ने कहा कि कर्मचारियों के कल्याण की जिम्मेदारी उनके संस्थानों की भी है। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ उठाएं।
कार्यक्रम में गुरुग्राम सर्कल-2 के उप श्रमायुक्त नवीन शर्मा ने कहा कि श्रम विभाग द्वारा लगभग दो दर्जन श्रमिक कल्याण योजनाएं उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों और कर्मचारियों के लिए संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि महिला और पुरुष कर्मचारियों को समान वेतन मिलना चाहिए और महिला कर्मचारियों की सुरक्षा पर श्रम कानूनों के अनुरूप संस्थानों को कार्य करना चाहिए।
श्रम कल्याण अधिकारी नरेंद्र शर्मा ने उपस्थित कर्मचारियों को विस्तार से बताया कि हरियाणा श्रमिक कल्याण बोर्ड, पंजाब श्रमिक कल्याण अधिनियम 1965 के तहत औद्योगिक व वाणिज्यिक संस्थानों में कार्यरत अंशदाता श्रमिकों और उनके आश्रितों को 21 से अधिक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करता है, बशर्ते उनका देय अंशदान नियमित रूप से बोर्ड में जमा हो।
अब ये सभी योजनाएं ऑनलाइन माध्यम से श्रमिकों की पहुंच में हैं, जिसके तहत श्रमिक श्रम विभाग की वेबसाइट या अंत्योदय सरल केंद्रों के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
कार्यक्रम में लेबर लॉ एडवाइजर एसोसिएशन, गुरुग्राम के अध्यक्ष एवं सलेक्ट हॉलीडेज़ रिसॉर्ट के श्रम सलाहकार एडवोकेट आर.एल. शर्मा ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जानकारी के अभाव में कई श्रमिक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते। उन्होंने सुझाव दिया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन हर उद्योग एवं संस्थान में समय-समय पर होना चाहिए, ताकि प्रत्येक पात्र कर्मचारी को योजनाओं का लाभ मिल सके।
शर्मा ने कहा कि लेबर लॉ एडवाइजर एसोसिएशन श्रम विभाग और उद्योगों के बीच सेतु का कार्य करती रहेगी, जिससे योजनाओं का लाभ हर कर्मचारी तक पहुंच सके।
इस अवसर पर सलेक्ट हॉलीडेज़ रिसॉर्ट के सीओओ व एमडी शेखर सावंत ने कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों का स्वागत करते हुए कहा कि लेबर वेलफेयर से संस्थान में सकारात्मक वातावरण बनता है और इससे कर्मचारियों की उत्पादकता में वृद्धि होती है।
कार्यक्रम की सफलता में वरिष्ठ एचआर मैनेजर पवन कुमार, लाइजनिंग मैनेजर श्री पवन माहेश्वर ने अहम भूमिका निभाई। इस अवसर पर कार्यक्रम में हाउसकीपिंग अधिकारी विजय भाटिया, एफ एंड बी अधिकारी राजेश निंबोरिया, फिल्म अभिनेता श्री राज चौहान सहित बड़ी संख्या में रिसॉर्ट के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।