कार्यकर्ताओं के दम पर केंद्र व प्रदेश में फिर बनेगी भाजपा की सरकार: फणीन्द्र नाथ शर्मा
गुरुग्राम, 18 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने कहा है कि कार्यकर्ताओं के दम पर देश और प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार तीसरी बार भी बनेगी। शनिवार को पार्टी के ‘‘गुरुकमल’’ कार्यालय में गुरुग्राम विधानसभा के कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक बैठक में बोलते हुए शर्मा ने कार्यकर्ताओं को आपस में मिलकर आगे बढ़ने की सलाह दी। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़ ने की। संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़, पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन से बैठक की शुरूआत की। बैठक में गुरुग्राम विधानसभा में रहने वाले प्रदेश, जिला, मोर्चा, प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
– मोदी-मनोहर सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता: शर्मा
संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं के दम पर देश और प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव 2024 में हरियाणा से दस की दस सीटों पर कमल खिलेगा। संगठन मंत्री ने कहा कि बूथ की मजबूती के कारण ही हम लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं। ‘‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’’ नारे को कार्यकर्ताओं ने अपनी मेहनत और लगन से साकार किया है। चुनाव 2024 को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं और अपने-अपने बूथ को जीतने पर फोकस रखें। जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अपने मंडल के बूथ स्तर तक पहुंचाएं और लोगों को लाभ दिलाएं।
– फणीन्द्र नाथ शर्मा ने ली गुरुग्राम विधानसभा के कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक बैठक
संगठनमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संगठन को और अधिक मजबूत करने का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि देश में ऐसी सकारात्मक परिस्थितियां निर्मित करनी होगी जिससे भारत का वैभव विश्व में परम वैभव को प्राप्त करे। इसके लिए कार्यकर्ताओं को प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर काम कर संगठन को मजबूत करें। संगठन मंत्री ने कहा कि आज मोदी के नेतृत्व में देश का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। जिस तरह से देश में विकास और गरीब कल्याण के लिए काम हो रहा है, उससे आने वाले समय में देश निश्चित ही विकसित बनेगा। उन्होंने कहा कि हम सभी कार्यकर्ताओं को मोदी जी को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए और अधिक मेहनत करनी होगी।
संगठन मंत्री ने कहा कि भाजपा के पास समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम है। कार्यकर्ताओं के दम पर ही हम मिशन 2024 को जीतेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार गरीब कल्याण को समर्पित सरकार है। तरक्की तथा विकसित भारत के लिए नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सेवा भाव से मिशन 2024 को जीतने में अभी से जुट जाए।
जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़ ने कहा कि कार्यकर्ता का पसीना बहता है तब सरकारें बनती हैं। उन्होंने संगठन मंत्री को भरोसा दिलाते हुए कहा कि गुरुग्राम का प्रत्येक कार्यकर्ता मोदी-मनोहर सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। 2024 में हम कार्यकर्ताओं के दम पर केंद्र और प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाएंगे। इस मौके पर मंच पर प्रदेश प्रवक्ता सूरजपाल अम्मू, हरविन्द्र कोहली, जिला महामंत्री मनीष गाडौली, महेश यादव आदि उपस्थित रहे।