केन्द्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का जरूरतमंदों ने लिया लाभ
गुरूग्राम, 10 दिसंबर। नगर निगम गुरूग्राम क्षेत्र में चल रही विकसित भारत-संकल्प यात्रा, जनसंवाद रविवार को वार्ड-3 के सेक्टर-23 स्थित सामुदायिक केन्द्र तथा वार्ड-4 के डूंडाहेड़ा स्थित बूस्टिंग स्टेशन पर पहुंची। यात्रा के यहां पहुंचने पर निवर्तमान निगम पार्षदों सहित गणमान्य व्यक्तियों ने यात्रा का जोरदार स्वगत किया।
तीन दिन तक चलाया जाएगा ये अभियान
वार्ड-3 के सेक्टर-23 स्थित सामुदायिक केन्द्र में आयोजित कार्यक्रम में भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय की संयुक्त सचिव वंदना जैन ने छोटे बच्चों को दवाई पिलाकर पल्स पोलिया अभियान की शुरूआत भी की। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुरू किया गया। ये अभियान रविवार, सोमवार व मंगलवार को चलेगा। अभियान के तहत सोमवार व मंगलवार को स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर छोटे बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाई जाएगी। इस मौके पर गुरूग्राम के सिविल सर्जन डा. विरेन्द्र यादव, निवर्तमान निगम पार्षद रविन्द्र यादव, आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी एसएस यादव, बह्म यादव व आरएन कौशिक सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
फिल्म के माध्यम से दी गई योजनाओं की जानकारी
वार्ड-4 के डूंडाहेड़ा स्थित बूस्टिंग स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में निवर्तमान निगम पार्षद वीरेंद्र राज यादव व वार्ड के गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। विभिन्न विभागों द्वारा केन्द्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित लगाई गई स्टॉलों पर लाभार्थियों ने पहुंचकर योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। नुक्कड़ नाटक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अव्वल आने वालों को सम्मानित भी किया गया। सभी ने विकसित भारत का संकल्प लिया तथा फिल्म के माध्यम से केन्द्र सरकार व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
