Friday, September 20, 2024

पूर्व कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा, बादशाहपुर के बेहतर भविष्य के लिए भाजपा ही जरूरी

बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि यह चुनाव केवल हमारा आज ही नहीं बल्कि आने वाले कल को भी निर्धारित करेगा। हमारे वोट की ताकत हमें बताएगी कि कैसा भविष्य हम लोगों को चाहिए। बादशाहपुर की जनता यह भली भांति जानती है कि 2014 में जब उन्होंने राव नरबीर सिंह को वोट दिया था तो किस तरह से उनके क्षेत्र में विकास की गंगा बही थी और पिछले पांच सालों में किस तरह से गलत प्रत्याशी चुन लेने के कारण उनका क्षेत्र विकास में पिछड़ता चला गया। उन्होंने कहा कि आज फिर से 2014 वाले समीकरण बनें है। भाजपा ने राव नरबीर सिंह को एक बार फिर से टिकट दी है। बादशाहपुर की जनता का अब दायित्व बनता है कि वह अपने वोट की ताकत से मुझे विधानसभा में पहुंचाए। निश्चित तौर पर वह एक बार फिर से सरकार में वजीर बनेंगे और क्षेत्र के अधिकारों की लड़ाई लडक़र विकास का मार्ग प्रशस्त करेंगे।
राव नरबीर सिंह शुक्रवार को गांव घसोला, पलड़ा, नूरपुर, अकलीमपुर, सेक्टर दस, कृष्णा नगर, सेक्टर नौ, सेक्टर नौ-ए, देवीलाल कालोनी, बंसल एनक्लेव पार्ट-टू, सेक्टर दस ए व हरिनगर में आयोजित चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अब चुनाव बादशाहपुर की जनता को खुद करना है कि उनको विकास कराने वाले मजबूत नेतृत्व को चुनना है या फिर केवल कुर्सी को चाहने वाले कमजोर नेतृत्व को। आपका नेतृत्व अगर मजबूत होगा तो विकास का पहिया रूक ही नहीं सकता और राव नरबीर सिंह यह वादा करता है कि बादशाहपुर की जनता की हर उम्मीदों पर वह और उनकी सरकार खरा उतरेंगे।
भाजपा ने जनता के प्रति लिया है संकल्प :
राव नरबीर सिंह ने कहा कि भाजपा ने जो चुनावी घोषणा पत्र जारी किया है वह केवल संकल्प पत्र नहीं बल्कि आम जनता के प्रति पार्टी का वह संकल्प है जिसे हर हाल में पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का संकल्प है कि तीसरी बार सत्ता में आने पर हर महीने महिलाओं को 2100 रुपये लाडो लक्ष्मी योजना के तहत दिए जाएंगे। प्रदेश में दस औद्योगिक शहरों का निर्माण होगा और चिरायु आयुष्मान योजना के तहत अब प्रत्येक परिवार को दस लाख तक का मुफ्त इलाज दिया जाएगा। दो लाख से अधिक युवाओं को बिना पर्ची खर्ची के नौकरी मिलेगी और हर जिले में ओलंपिक खेल की नर्सरी भी खुलेगी। उन्होंने कहा कि अग्निवीरों को स्थायी नौकरी भी भाजपा सरकार द्वारा दी जाएगी। इतना ही नहीं वृद्धावस्था सहित अन्य तमाम पेंशनों में भाजपा ने डीए की तरह बढ़ोतरी करने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने हर वादे को पूरा करेगी।
नहीं देखा नायब सिंह जैसा मुख्यमंत्री :
राव नरबीर सिंह ने कहा कि वह तीन बार चुनाव जीते और तीनों ही बार मंत्री रहे। उन्होंने कई मुख्यमंत्रियों के साथ काम किया लेकिन नायब सिंह सैनी जैसा सरल मुख्यमंत्री उन्होंने पहले कभी नहीं देखा। उनका काम करने का अंदाज हरियाणा की जनता देख चुकी है। भाजपा की सरकार बनती है तो कमान एक बार फिर से नायब सिंह सैनी के हाथों में होगी और यकीन मानिए, जिस रफ्तार से उन्होंने छह माह में काम करके दिखाए हैं अगले पांच माह भी उनके द्वारा कार्य करने की गति यही रहेगी। आप लोग अनुमान लगा सकते हैं कि नायब सिंह सैनी जैसा सीएम हमें मिला तो हरियाणा किस तेजी से तरक्की के पथ पर आगे बढ़ेगा।
सोशल मीडिया पर जमकर करें प्रचार प्रसार :
राव नरबीर सिंह ने कहा कि आज सोशल मीडिया का जमाना है। हर हाथ में मोबाइल है। विशेष तौर पर युवा पीढ़ी तो इसके माध्यम से हजारों लोगों तक जुड़ी हुई है। उन्होंने सभाओं में मौजूद लोगों से आग्रह किया कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से उनका जमकर प्रचार प्रसार करे और खुलकर कहें कि वह राव नरबीर सिंह के साथ है।
अमित शाह की रैली के लिए बादशाहपुर की जनता रहे तैयार :
राव नरबीर सिंह ने कहा कि देश के गृहमंत्री अमित शाह शीघ्र ही बादशाहपुर में आएंगे। यहां पर शाह एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पूर्व उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी और उन्होंने वादा किया था कि चुनाव के दौरान वह बादशाहपुर में एक चुनावी रैली को जरूर संबोधित करेंगे। उन्होंने मौजूद लोगों से कहा कि रैली में बादहशापुर की जनता को अपनी ताकत दिखानी है। यह रैली हरियाणा की सबसे बड़ी रैलियों में से एक होगी।

Latest Videos

आपकी राय

[poll id="2"]

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights