
नगर परिषद चुनाव के नामांकन कार्यक्रम में गरजे कैबिनेट मंत्री अनिल विज बोले,
अम्बाला/चंडीगढ़, 17 फरवरी
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने नगर परिषद अम्बाला सदर चुनाव के लिए भाजपा के उम्मीदवारों के नामांकन कार्यक्रम में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने चुनावी जोश के साथ कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया और पार्टी के उम्मीदवारों के नामांकन पत्र स्वयं दाखिल करवाए।
तूफानों से खेलता हूं मैं, मैं खुद भी एक तूफान हूं
कार्यक्रम में विज ने कहा, “तूफानों से खेलता हूं मैं, मैं खुद भी एक तूफान हूं, हमसे टकराने वालों के लिए, उनके खात्मे का पैगाम हूं।” यह पंक्तियां सुनकर भाजपा कार्यकर्ता जोश से भर गए और “अनिल विज जिंदाबाद” के नारे लगाने लगे। उन्होंने अपने जोशिले अंदाज में कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें भाजपा को विजय दिलाने के लिए पूरी ताकत से काम करना है।
विकास का रथ और 32 घोड़े
विज ने कहा, “विकास का जो रथ मैंने अम्बाला छावनी में चलाया है, उसे और तेजी से चलाने के लिए आज उस रथ के साथ 32 घोड़े जुड़ रहे हैं। सभी मिलकर अम्बाला छावनी को हरियाणा का सबसे सुंदर शहर बनाएंगे।” उनके इस बयान के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं में एक नया उत्साह पैदा हो गया।
विरोधियों को दिया करारा जवाब
कैबिनेट मंत्री ने मंच से अपने विरोधियों को जवाब देते हुए कहा, “चुनाव में कुछ कठनाइयाँ आती हैं, लेकिन प्रत्याशियों को उन पर ध्यान नहीं देना है। अगर कोई दिशा भ्रम करने के लिए कोई खेल खेलता है तो प्रत्याशी को उसे नजरअंदाज करना चाहिए। कार्यकर्ताओं को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, जैसे अर्जुन ने मछली की आंख पर निशाना साधा था।” उन्होंने यह भी कहा कि शरारती तत्वों ने विधानसभा चुनाव में भाजपा को भटकाने की कोशिश की थी, लेकिन इस बार भाजपा के प्रत्याशी अपने लक्ष्य पर ध्यान देंगे और विजय प्राप्त करेंगे।
“मुझे 32 की 32 सीटें चाहिए”
विज ने कहा कि “मैंने जो अम्बाला छावनी में विकास हेतु मेहनत की है, मुझे इस चुनाव में केवल चेयरमैन की सीट नहीं चाहिए, बल्कि 32 की 32 सीटें भाजपा की झोली में चाहिए।” उन्होंने सभी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरें और भाजपा को जीत दिलाएं।
नगर परिषद में उत्सव जैसा माहौल
विज ने कहा कि आज अम्बाला छावनी में उत्सव जैसा माहौल है। भाजपा प्रत्याशी और कार्यकर्ता पूरे शहर में झूमते, नाचते और गाते हुए नामांकन पत्र भरने पहुंचे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि अब उन्हें 32 प्रतिनिधि मिल रहे हैं जो विकास के कार्यों में उनका हाथ बटाएंगे।
केंद्र और राज्य सरकार के कार्यों की सराहना
मंत्री अनिल विज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी जी भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना चाहते हैं और उनकी लोकप्रियता में लगातार वृद्धि हो रही है। हरियाणा में नायब सैनी की सरकार ने राज्य के विकास के लिए बहुत काम किया है। भाजपा की डबल इंजन सरकार प्रदेश और केंद्र में है, और नगर परिषद चुनाव में भी भाजपा की सरकार होनी चाहिए ताकि नागरिकों को इन योजनाओं का लाभ मिल सके।”
नामांकन कार्यक्रम में भाजपा के नेतृत्व में हुआ उत्सव
नगर परिषद अम्बाला सदर चुनाव के लिए भाजपा द्वारा आयोजित नामांकन कार्यक्रम में मंत्री अनिल विज के नेतृत्व में भाजपा के प्रत्याशी और हजारों कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय तक पहुंचे। वहां पर मंत्री विज ने सभी प्रत्याशियों के नामांकन पत्र दाखिल करवाए। भाजपा की ओर से चेयरमैन पद के लिए स्वर्ण कौर, और वार्डों के लिए 32 प्रत्याशी मैदान में हैं।
नामांकित उम्मीदवार
नामांकित प्रत्याशियों में चेयरमैन पद के लिए स्वर्ण कौर, वार्ड नंबर एक से भरत कोछड़, वार्ड नंबर दो से रीणा, वार्ड नंबर तीन से मोहित कौशिक, वार्ड नंबर चार से शिल्पा पासी, वार्ड नंबर पांच से नानकचंद, वार्ड नंबर छह से उमेद राणा, वार्ड नंबर सात से संजीव अत्री, वार्ड नंबर आठ से सोमनाथ, और अन्य वार्डों से 32 प्रत्याशी शामिल हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोग
नामांकन कार्यक्रम के दौरान भाजपा के संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, नगर परिषद अम्बाला सदर चुनाव प्रभारी प्रमोद कौशिक, जिलाध्यक्ष मनदीप राणा, जसबीर जस्सी, ओम सहगल, सोम चोपड़ा, राजीव डिम्पल, विजेंद्र चौहान और अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।