
ममता बनर्जी को रियल टाइम एक्शन फिल्में देखने का शौक है”
अम्बाला/चंडीगढ़, 13 अप्रैल 2025 — हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने वक्फ बिल को लेकर पश्चिम बंगाल में हो रही हिंसक घटनाओं को लेकर राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। मंत्री विज ने कहा कि ममता बनर्जी को “रियल टाइम एक्शन फिल्में देखने का शौक है, जिसमें सड़कों पर आग लगी हो, लोगों की दुकानें जल रही हों और लोग एक-दूसरे का पेट फाड़ रहे हों।” उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि “कुछ महीनों के बाद ममता बनर्जी एक्शन मूवी की तरह यह सब दोहराती हैं।”
विज ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बयान दिया, जिसमें उन्होंने पश्चिम बंगाल में वक्फ बिल को लेकर हो रही अशांति और हिंसा के लिए ममता बनर्जी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की निष्क्रियता और हिंसक घटनाओं पर चुप्पी इस बात का संकेत है कि ये घटनाएं ‘सुनियोजित’ हो सकती हैं या उन्हें रोकने का इच्छाशक्ति की कमी है।
दिग्विजय सिंह के बयान पर पलटवार: “पहले चंदा मामा की कहानियां आती थीं, अब दिग्विजय सिंह की आती हैं”
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा एक्स (पूर्व ट्विटर) पर दिए गए बयान, जिसमें उन्होंने 10 भाजपा नेताओं को ISI (पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी) का एजेंट बताया, पर मंत्री अनिल विज ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा,
“दिग्विजय सिंह का काम है मनगढ़ंत कहानियां बनाना। पहले चंदा मामा की कहानियां आती थीं, अब दिग्विजय सिंह की कहानियां आती हैं।”
विज ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास रहा है कि वह राष्ट्र विरोधी तत्वों से हाथ मिलाती रही है, जबकि भाजपा का कोई भी नेता देश के गद्दारों से संबंध नहीं रख सकता। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के गैरजिम्मेदाराना बयानों से कांग्रेस की मानसिकता उजागर होती है।
मुंबई हमले के आरोपी तहुव्वर पर बोले विज: “अब तोते की तरह बोलेगा और सारे राज उगलेगा”
मुंबई हमलों के साजिशकर्ता तहुव्वर द्वारा NIA (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) के सामने पाकिस्तान से जुड़े राज खोलने पर भी अनिल विज ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा,
“166 लोगों की मौत का जिम्मेदार आतंकी तहुव्वर अब तोते की तरह बोलेगा और यह जरूर बताएगा कि किसके कहने पर उसने इतना बड़ा हमला किया।”