- दिल्ली हरियाणा भवन में हुई भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक
- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, डा. सुधा यादव, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी समेत अनेक नेता रहे मौजूद
- तीन जिलों के निकाय चुनाव, एसआईआर, प्रदेश में चल रहे पार्टी के कार्यक्रमों के अलावा संगठनात्मक कार्यक्रमों और सरकारी योजनाओं पर चर्चा
- मुख्यमंत्री नायब िंसह सैनी ने आगामी बजट और सरकार की योजनाओं को बैठक में रखा
- भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन के गुरुग्राम दौरे की बनाई रूपरेखा

चंडीगढ़, 11 जनवरी
दिल्ली के हरियाणा भवन में हुई हरियाणा भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में लगभग एक दर्जन विषयों पर डेढ़ घंटे तक मंथन चला। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल सहित तमाम दिग्गज नेताओं ने बिंदुवार हर मुद्दे को बैठक में रखा और गहनता से उस पर चर्चा की। इस बैठक में वर्तमान में चल रहे सात कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। बैठक में तीन नगर निगमों के चुनाव, हरियाणा के आगामी बजट, हरियाणा के राजनीतिक हालातों के साथ-साथ, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के हरियाणा दौरे को लेकर भी विस्तार से बातचीत की।
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बताया कि शनिवार सुबह 11 बजे शुरू हुई इस बैठक में सबसे पहले 12 जनवरी को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन के गुरुग्राम प्रवास की तैयारियों की रूपरेखा तैयार की गई। इसके बाद हरियाणा में आगामी नगर निगम निकाय चुनाव पर चर्चा की गई और इस पर कमेटी बनाने की बात हुई। बड़ौली ने कहा कि कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन का गुरुग्राम पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोर ग्रुप की बैठक में अंबाला, सोनीपत और पंचकूला में होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर भी सभी नेताओं ने चर्चा की है।

बड़ौली ने कहा कि हरियाणा में बीएलए -1 की नियुक्ति हो चुकी है और बीएलए-2 की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विजन 2047 को ध्यान में रखते हुए बजट पूर्व चर्चा विभिन्न वर्गों में जाकर की है। उन्होंने कहा कि बजट शानदार होगा और मुख्यमंत्री के प्रयास निश्चित रूप से हरियाणा को विकसित बनाने में कारगर साबित होंगे। यहां मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सरकार द्वारा की जा रही योजनाओं पर भी चर्चा की। कोर ग्रुप के सभी सदस्यों ने मुख्यमंत्री के कार्यों की प्रशंसा की और आगामी कार्ययोजनाओं को तैयार करने के लिए सुझाव दिए। सभी नेताओं ने संगठनात्मक विषयों और सरकार की चल रही योजनाओं व आगामी योजनाओं पर अपने विचार और सुझाव रखे।
बैठक में वर्तमान राजनीतिक हालातों पर भी चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बताया कि प्रदेश में भाजपा द्वारा विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं जिसमें वीबी जीरामजी जागरण अभियान, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में अटल स्मृति वर्ष, एसआईआर पर गृहमंत्री अमित शाह के भाषणों को सुनने के कार्यक्रम, आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान और नेक्स्टजेन जीएसटी रिफार्म पर रखे गए कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि सभी कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त उत्साह दिखाया और प्रदेश भर में विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठ को भी उजागर किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के सेवा कार्यों से प्रदेश के लोगों में पार्टी के प्रति सम्मान बढ़ा है।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हमारा फोकस अब स्थानीय नगर निकाय, नगरपरिषद जैसी संस्थाओं को भी आत्मनिर्भर बनाने पर रहेगा। उन्होंने कहा कि एसआईआर के लिए भी हरियाणा तैयार है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनकल्याण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में जो संकल्प लिए थे उनमें से नायब सैनी सरकार ने 57 संकल्पों को पूरा किया है। बड़ौली ने कहा कि सीएम सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कोर ग्रुप की बैठक में बजट पर विस्तार से चर्चा की है। मुख्यमंत्री ने जिन संस्थाओं से जो सुझाव बजट के बारे में आए हैं उन्हें बैठक में रखा, साथ ही मंत्रियों को भी सुझाव देने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि हरियाणा का बजट जनता के सुझाव वाला और एक अच्छा बजट होगा।
कांग्रेस की अंधेरे में तीर मारती है : मनोहर लाल
हरियाणा कोर कमेटी की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस पर तंज कसा और कहा कि कांग्रेस अंधेरे में तीर मारती है और केवल झूठ फैलाने का काम करती है। कोर ग्रुप की बैठक के विषय में बताते हुए उन्होंने कहा कि समय-समय पर ये बैठकें होती है और इनमें सरकारी और संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से सभी चर्चा करते हैं। इस बार भी सभी ने लगभग एक दर्जन विषयों पर चर्चा की।
वीबी जीरामजी योजना पर पूछे गए एक सवाल पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की अंधेरे में तीर मारने की आदत है। कांग्रेस के पास कोई मुद्दे नहीं होते, इसलिए लोगों को भ्रमित करने का काम कांग्रेस करती रहती है। उन्होंने कहा कि जीरामजी योजना ऐतिहासिक योजना है, अब मजदूरों को 125 दिन का काम मिलेगा। यह योजना पूरी तरह से पारदर्शी है और ग्रामीण क्षेत्र में क्रांति लाने वाली योजना है, लेकिन कांग्रेस इस पर झूठ फैलाने की कोशिश में लगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता जीरामजी योजना के तथ्य लेकर जनता में जा रहे हैं जिससे कांग्रेस का झूठ उजागर हो रहा है।
