नई दिल्ली, 04 फरवरी 2026
लोकसभा में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि इस समझौते में देश के संवेदनशील क्षेत्रों, खासतौर पर उर्वरक, कृषि और डेयरी सेक्टर के हितों की पूरी तरह सुरक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए यह समझौता किया है।
पीयूष गोयल ने कहा कि यह व्यापार समझौता छोटे और मध्यम कारोबारियों, एमएसएमई, औद्योगिक इकाइयों, कुशल श्रमिकों और उद्योग जगत के लिए नए अवसर खोलेगा। इसके साथ ही उन्नत तकनीकों तक पहुंच को आसान बनाएगा और ‘मेक इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड’, ‘डिजाइन इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड’ और ‘इनोवेट इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड’ जैसे अभियानों को गति देगा।
मंत्री के बयान के दौरान लोकसभा में विपक्ष का हंगामा जारी रहा, लेकिन गोयल ने कहा कि सरकार ने पूरी गंभीरता के साथ बातचीत पूरी की है और दोनों देशों के हितों को ध्यान में रखा गया है।
पीयूष गोयल ने जानकारी दी कि 2 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर टेलीफोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने भारतीय उत्पादों पर लगाए जाने वाले अमेरिकी टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि यह टैरिफ दर कई प्रतिस्पर्धी देशों पर लागू अमेरिकी टैरिफ की तुलना में कम है, जिससे भारतीय निर्यातकों को वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलेगी।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि भारत-अमेरिका वार्ताओं के दौरान कृषि और डेयरी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष से दोनों देशों के वार्ताकारों के बीच विभिन्न स्तरों पर विस्तृत चर्चा होती रही है और दोनों पक्षों के महत्वपूर्ण हितों को ध्यान में रखते हुए द्विपक्षीय व्यापार समझौते के कई क्षेत्रों को अंतिम रूप दिया गया है।
पीयूष गोयल ने कहा कि भारतीय पक्ष ने वार्ताओं के दौरान विशेष रूप से कृषि और डेयरी क्षेत्रों में देश के हितों की सफलतापूर्वक रक्षा की है।
इससे पहले मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी इस समझौते का ब्योरा देते हुए कहा था कि यह डील भारत की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने वाली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मजबूत आपसी संबंधों के चलते भारत को अपने पड़ोसी देशों और प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में सबसे बेहतर व्यापार समझौता मिला है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा कृषि और डेयरी क्षेत्र के हितों को प्राथमिकता दी है और कभी भी इन क्षेत्रों के साथ समझौता नहीं किया गया है। भारत-अमेरिका ट्रेड डील में भी देश के संवेदनशील सेक्टर—कृषि और डेयरी—को पूरी तरह संरक्षित रखा गया है।
