लखनऊ, 09 फरवरी 2026
उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र 2026–27 की आज जोरदार शुरुआत हुई, लेकिन पहले ही दिन सदन का माहौल काफी गर्म नजर आया। सत्र की शुरुआत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से हुई, जिसमें उन्होंने सरकार की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया।
इसके दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के विधायकों ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे हंगामा खड़ा हो गया। इस पर नाराज़ होकर राज्यपाल ने विपक्ष पर कड़ा तंज कसते हुए कहा:
“आपके समय में सब कुछ जीरो था और पिछले कई सालों से आप सिर्फ हंगामा ही कर रहे हैं, आगे भी आपका जीरो ही रहने वाला है।”
राज्यपाल की टिप्पणी के बाद सत्ता पक्ष की ओर से जोरदार प्रतिक्रिया देखने को मिली। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना मुस्कुराते नजर आए, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई मंत्री व विधायक मेज थपथपाते दिखाई दिए।
विपक्ष सत्र शुरू होने से पहले ही सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहा था। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के विधायक मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर हंगामा कर रहे थे। इसके अलावा उन्होंने वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर तोड़फोड़, किसानों की हालत, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और महंगाई जैसे विषय भी उठाए।
बजट सत्र से पहले हुई सर्वदलीय बैठक में सभी दलों ने सदन को सुचारु रूप से चलाने का भरोसा दिया था, लेकिन पहले ही दिन यह सहमति हंगामे में बदल गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन में सभी से संयम और स्वस्थ चर्चा की अपील की और कहा कि लोकतंत्र संवाद से मजबूत होता है। विधानसभा अध्यक्ष ने भी भरोसा दिलाया कि सभी सदस्यों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलेगा और जरूरत पड़ने पर कार्यवाही देर शाम तक चलाई जाएगी।
आपको बता दें कि बुधवार को राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026–27 का बजट पेश करेगी, जिस पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हुई हैं।
