चंडीगढ़,29 जुलाई। मौसम विभाग ने चंडीगढ़ में आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पंचकूला और मोहाली में भी भारी बारिश होने की संभावना है। अभी शहर का तापमान सामान्य है। कल सुबह से दोपहर तक हुई हल्की बारिश के बाद शाम को एक बार तापमान फिर बढ़ गया था। शाम के समय यह 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया था।अभी शहर का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस है।
बता दे कि मौसम विभाग के अनुसार आज फिर आसमान में बादल छाए रहेंगे। बीच-बीच में हल्की बारिश भी हो सकती है। कल सुबह 8:30 बजे से आज सुबह तक शहर में करीब 4.6 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इस महीने में अब तक 600 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हो चुकी है।
अब तक नहीं बनी डंपिंग ग्राउंड की टूटी दीवार
पिछली बारिश के दौरान डड्डू माजरा डंपिंग ग्राउंड की दीवार टूट गई थी। वह अब तक नहीं बन पाई है। लोगों की शिकायत है कि उसके कारण पूरे इलाके में बदबू फैली हुई है और मक्खी मच्छरों से बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है। लोगों की शिकायत के बाद नगर निगम की तरफ से सफेद चादर लगाकर डंपिंग ग्राउंड को ढक दिया गया है।
आई फ्लू का खतरा बढ़ा
पिछले दिनों 8, 9 और 10 जुलाई को हुई बारिश के बाद पूरे शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। उसके बाद अलग-अलग इलाकों में कई तरह की बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ रहा है। पिछले दिनों मोहाली में डायरिया की बीमारी फैल गई थी।इसी प्रकार अब आई फ्लू का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
बता दे कि चंडीगढ़ के PGI, GMSH-16 और GMCH-32 की ओपीडी में हर रोज आईफ्लू के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। प्रशासन ने दावा किया है कि हर जगह पर इसकी दवाई उपलब्ध है। लोगों को डॉक्टर की सलाह से ही दवाई लेनी चाहिए।