
पहले की सरकारें सिर्फ नारे लगाती थी, मोदी और नायब सरकार काम करके दिखाती है : श्याम सिंह राणा
कांग्रेस ने अपने समय में जो कर्जा लिया था उसकी किस्त नायब सरकार भर रही है : बड़ौली
कांग्रेस के समय में तो बारिश के समय शहर के शहर डूब जाते थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री अनिल बोंडे, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने कार्यकर्ताओं का किया मार्ग दर्शन
रोहतक, 13 सितंबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मोदी और नायब सरकार दिन रात किसान हित में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कृषि भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान उसके प्राण है। बड़ौली ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बड़ौली ने यह उद्बोधन शनिवार को रोहतक स्थित भाजपा कार्यालय मंगल कमल में किसान मोर्चा की प्रदेश समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यसमिति की बैठक के बाद कांग्रेस पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में तो बारिश के समय शहर के शहर डूब जाते थे।
भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश समिति की इस बैठक की अध्यक्षता किसान मोर्चा की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राजबाला चहल ने की। कार्यसमिति की बैठक में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, राष्ट्रीय किसान मोर्चा महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद अनिल बोंडे, किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी सैला राम सहारण उपस्थित रहे। कार्यसमिति का संचालन किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सुनील शर्मा ने किया। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से शुरू हो रहे सेवा पखवाड़ा को लेकर योजना रचना तैयार की गई। बैठक में सरकार के किसानों से जुड़े कार्यों को जनता तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई।
कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत कृषि में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मोदी सरकार ने कृषि क्षेत्र को लेकर कई बड़े कदम उठाए हैं। केंद्र की मोदी और हरियाणा की नायब सरकार का लगातार प्रयास है कि उत्पादन बढ़े लागत घटे, उपज का उचित मूल्य मिले और आपदा में किसानों को उचित मुआवजा मिले। बड़ौली ने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार किसानों की सही मायन में हितैषी सरकार है। नायब सरकार देश की पहली ऐसी सरकार है जो 24 फसलों को एमएसपी पर खरीद रही है।
बड़ौली ने कहा कि मोदी और नायब सरकार दिन-रात किसान हित में कार्य कर रही है। उन्होंने किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि सेवा पखवाड़ा के दौरान आप लोग अधिक से अधिक लोगों से संवाद करें और किसानों को भाजपा सरकार की किसान हितैषी नीतियों से अवगत कराएं तथा योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायक बनें। श्री बड़ौली ने कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा के दौरान दर्जनभर कार्यक्रम चलेंगे। सेवा ही संगठन के मूलमंत्र पर चलते हुए हमें लोगों की सहायता करनी है।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बाढ़ ग्रस्त हिमाचल प्रदेश, पंजाब और जम्मू कश्मीर को 5-5 करोड़ रुपये की सहायता राशी दी है। हरियाणा में भी जिनका नुकसान बाढ़ के कारण हुआ है सरकार पूरा मुआवजा देगी।
एक सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। जनता ने केंद्र और राज्य में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाई है। हरियाणा की नायब सरकार जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतर रही है। इस बार भयंकर बारिश हुई, लेकिन अन्य राज्यों की तुलना में हरियाणा में कम नुकसान हुआ है। कांग्रेस के शासन काल में तो शहर के शहर डूबे जाते थे। हरियाणा में कांग्रेस की सरकार ने ढाई-ढाई रुपये के चेक देकर किसानों का अपमान किया था।
बड़ौली ने कहा कि हरियाणा में नायब सरकार चौतरफा विकास करा रही है। सरकार के पास विकास के नाम पर धन की कोई कमी नहीं है। सरकार ईमानदारी से काम कर रही है। एक अन्य सवाल पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि झूठ बोलना और लोगों को गुमराह करना कांग्रेस की आदत है। कांग्रेस ने अपने समय में जो कर्जा लिया था उसकी किस्त नायब सरकार भर रही है।