
चंडीगढ़, 11 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 17 अक्टूबर को सोनीपत में होने वाली जन विकास-जन विश्वास रैली की तैयारियों को लेकर शनिवार को पंचकूला में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में भाजपा ने मंथन किया। पीएम मोदी की रैली को ऐतिहासिक बनाने की रूपरेखा तैयार की गई। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कार्यकारिणी की बैठक में सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियां गिनवाई। वहीं प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कार्यकर्ताओं से नायब सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने की बात कही। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर रैली का न्योता देने के लिए कहा। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने भी कार्यकर्ताओं से रैली को सफल बनाने का आग्रह किया।
प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में सबसे पहले आईपीएस अधिकारी वाई पूरन सिंह के निधन पर शोक जताया गया और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में हुई प्रदेश कार्यकारिणी में सेवा पखवाड़े, आत्मनिर्भर भारत, जीएसटी रिफार्म्स सहित तमाम कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। मुख्यमंत्री, प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यक्रम संयोजकों से एक-एक कर जानकारी ली। इसके बाद मंचासीन नेताओं ने 17 अक्टूबर को होने वाली प्रधानमंत्री की ‘‘जन विकास-जन विश्वास’’ रैली को सफल बनाने के लिए जिलेवार पदाधिकारियों से चर्चा की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि 17 अक्टूबर को सोनीपत में होने वाली प्रधानमंत्री की ‘‘जन विकास-जन विश्वास’’ रैली भव्य और ऐतिहासिक होगी। हमारे 11 वर्ष गौरवशाली वर्ष है। 11 वर्षों में भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने जनहित में बड़े-बड़े निर्णय लेकर जनसेवा की है। नायब सैनी ने कहा कि एक बार भाजपा, बार-बार भाजपा के नारे को हम बोलते थे उसे हरियाणा की जनता ने चरितार्थ करके दिखाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि पीएम मोदी की रैली भव्य बनाने के लिए अभी से जुट जाएं।
पीएम मोदी के जन्म दिन के उपलक्ष्य में हरियाणा में चलाए गए सेवा पखवाड़ा के दौरान कार्यकर्ताओं ने अच्छा काम किया है। सरकारी विभागों ने भी अपने कार्यक्रमों को धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि इस दौरान अलग-अलग उद्घाटन और शिलान्यास भी हुए। सेवा पखवाड़ा के दौरान लोगों तक सेवाएं और सुविधाएं पहुंची है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस बार भारी बरसात के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बनी, लेकिन मुसीबत की इस घडी में हमारे मंत्री, विधायक और तमाम कार्यकर्ता लोगों के साथ खड़े रहे। श्री सैनी ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रभावित लोगों को मुआवजा देने का काम किया है। फसलों के खराबें का पैसा भी किसानों तक पहुंचाने की तैयारी कर ली गई है। सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण के लिए सरकार ने लगभग 4500 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। प्रदेश में सड़कों का काम शुरू हो चुका है।
सीएम सैनी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान हमने 217 संकल्प लिए थे। उन्होंने कहा कि आज मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि इस एक वर्ष में भाजपा सरकार ने 48 संकल्पों को पूरा कर दिया है। किड़नी के मरीजों को हर महीने 30 से 35 हजार रुपये डायलिसिस के लिए खर्च करने पड़ते थे। उन्होंने कहा कि हमने किड़नी के मरीजों के लिए डायलिसिस फ्री करने का जो वादा किया था वह पूरा किया। आज प्रदेश के सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों में फ्री डायलिसिस हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का जो वादा किया था वह भी पूरा किया। आज प्रदेश की 19 लाख से अधिक महिलाओं की रसोई में 500 रुपये का सिलेंडर पहुंच रहा है। हमारी सरकार ने पंचायती जमीन पर बने मकानों का मालिकाना हक देने का काम भी किया। हमारी सरकार किसानों की 24 फसलों को एमएसपी पर खरीद रही है।
नायब सैनी ने कहा कि हमने यह भी संकल्प लिया था कि सीईटी की परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों का किराया सरकार देगी। हमारी सरकार ने परीक्षार्थियों का घर से परीक्षा केंद्र और परीक्षा केंद्र से घर तक पहुंचाया। अधिकारियों और हमारे कार्यकर्ताओं ने सीईटी की परीक्षा में अच्छा काम किया और एक सकारात्मक ऐतिहासिक माहौल प्रदेश में बना।
नायब सैनी ने आगे बोलते हुए कहा कि सरकार बनते ही सबसे पहले हमने 25 हजार युवाओं को ज्वाईनिंग लेटर दिया। हमारी सरकार तेज गति से संकल्प पत्र के हर वादे को पूरा कर रही है। इसी साल 90 संकल्प और पूरे कर लिए जाएंगे। श्री सैनी ने कहा कि हर जिला के अंदर सरकारी अस्पताल खोलने का निर्णय लिया है और अभी तक 10 अस्पताल प्रदेश को समर्पित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि ये सरकारी अस्पताल प्राइवेट अस्पतालों की तरह ही सारी सुविधाएं होंगी।
अपने जापान विजिट के बारे में बोलते हुए श्री सैनी ने कहा कि हरियाणा में जापान से बड़ा निवेश आ रहा है। जापान में मिलने वाले हर व्यक्ति व नेता ने लोकप्रिय प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की। पीएम मोदी के नाम का डंका पूरे विश्व में बज रहा है। उन्होंने कहा कि जापान से कई एमओयू साइन हुए हैं। मल्टीनेशनल कंपनियां हरियाणा में आ रही है। हमारे युवाओं को रोजगार मिलेगा, साथ ही छोटे-छोटे उद्योग भी बढ़ेंगे। श्री सैनी ने कहा कि पीएम मोदी के विजन और काम करने के तरीके का लाभ हरियाणा को मिल रहा है।
आईपीएस अधिकारी वाई पूरन सिंह के परिवार को न्याय मिलेगा : नायब सैनी
आईपीएस अधिकारी वाई पूरन सिंह की मौत को दुखद दुर्घटना बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषी कितना ही प्रभावशाली व्यक्ति क्यों ना हो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। श्री सैनी ने कहा कि हमें जैसे ही जापान में आईपीएस अधिकारी वाई पूरन सिंह के निधन की सूचना मिली, हमने उनकी पत्नी का ढांढस बंधाया और अधिकारियों को उनके साथ घर भेजा। हमारी सरकार इस मामले की पूरी जांच कराएगी। श्री सैनी ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को कोई तंग करेगा तो हम उसे नहीं बख्सेंगे। विपक्ष को घेरते हुए नायब सैनी ने कहा कि विपक्ष को ऐसे मुद्दे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। श्री सैनी ने कहा कि परिवार के साथ अन्याय हुआ है तो न्याय देने का काम हमारी सरकार करेगी।
जन विकास-जन विश्वास’’ रैली जितनी भव्य होगी उतना ही कार्यकर्ताओं का यश बढ़ेगा : डा. सतीश पूनिया
भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार के निर्णयों को हमें घर-घर तक पहुंचना है। उन्होंने कहा कि नायब सरकार ने लाड़ो लक्ष्मी योजना लागू की है इसका कार्यकर्ता अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करें। डा. पूनिया ने कहा कि हरियाणा की जीत से पार्टी को पूरे देश में ताकत मिली यह सिर्फ हरियाणा की जीत से ही संभव हो पाया।
डा. सतीश पूनिया ने कहा कि 11 साल भाजपा की सरकार चलना यह केवल राजनीतिक खानापूर्ति और रस मलाई नहीं बल्कि एक-एक नेता और कार्यकर्ताओ के लिए आनंद के साथ-साथ चुनौती का मौका है। उन्होंने कहा कि सोनीपत में पीएम मोदी की ‘‘जन विकास-जन विश्वास’’ रैली जितनी भव्य होगी उतना ही कार्यकर्ताओं का यश बढ़ेगा।
डा. पूनिया ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष बनाने में एक साल लगा दिया, वहीं भाजपा अपना एक साल का जश्न मना रही है। डा. पूनिया ने कहा कि भाजपा को बार-बार सत्ता में लाना है तो सरकार की उपलब्धियों और खूबियों को घर-घर तक जाकर बताना होगा। संगठन की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा के समन्वय से संगठन धरातल पर विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल वोट लेने और चुनाव लड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनहित के काम करती है और यही बात जनता को बतानी है।
जन विकास-जन विश्वास’ रैली में लाखों कार्यकर्ता पहुंचकर बनाएंगे रैली को ऐतिहासिक : मोहन लाल बड़ौलीभाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कार्यकर्ताओं से पीएम मोदी की ‘‘जन विकास, जन विश्वास रैली’’ को ऐतिहासिक बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नायब सरकार का 17 अक्टूबर को गौरवशाली एक वर्ष पूरा हो रहा है। भाजपा की 11 वर्ष की सफल सरकार का आशीर्वाद देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 अक्टूबर को सोनीपत आ रहे हैं। पीएम मोदी की ‘‘जन विकास- जन विश्वास’’ रैली में अधिक से अधिक लोगों को लेकर आना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हर कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को रैली का न्यौता दें। उन्होंने कहा कि 17 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे लोगों को लेकर राई स्थित स्पोर्टस यूनीवर्सिटी पहुंचे और रैली को भव्य बनाएं। श्री बड़ौली ने कहा कि पीएम मोदी की जन विकास-जन विश्वास रैली में प्रदेश भर से लाखों लोग पहुंचेंगे और इसे ऐतिहासिक बनाएंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने सेवा पखवाड़ा, आत्मनिर्भर भारत और जीएसटी रिफार्म्स पर हुए सफल कार्यक्रमों पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और प्रदेश भर में हुए कार्यक्रमों की जानकारी विस्तार से मुख्यमंत्री और प्रदेश प्रभारी के सामने रखी। पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता पार्टी द्वारा दिए गए हर सेवा कार्य को पूरी लग्न से पूरा कर रहा है और यही बात भाजपा को अन्य सभी पार्टियों से बेहतर बनाती है।