छठ का पर्व लोक आस्था का महापर्व है – राजेश नागर
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री ने अनेक स्थानों पर छठ आयोजनों में की भागीदारी
फरीदाबाद , चंडीगढ़, 27 अक्टूबर — हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने आज छठ पर्व के अवसर पर फरीदाबाद में अनेक स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर छठ व्रतियों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ का पर्व लोक आस्था का महापर्व है, जिसे हम सभी को प्रेम एवं सौहार्द के साथ मिलजुल सौहार्द से मनाना चाहिए।
इस दौरान राजेश नागर ने फरीदाबाद के सेक्टर-29 के पुल पर आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम में भागीदारी की। इसके साथ सूर्या नगर पार्ट 1 सेक्टर-91, एडोर सोसायटी सेक्टर-85 आदि स्थानों पर भी आयोजित समारोहों में भागीदारी कर लोगों को छठ की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नागर ने कहा कि आज शहरों में बड़ी संख्या में पूर्वांचल के लोग रहते हैं जो उत्तर प्रदेश और बिहार से यहां रोजगार और उच्च शिक्षा के लिए पहुंचे और उन्होंने शहरों के विकास में अपना योगदान दिया है। इस पर्व पर वह न केवल कठिन व्रत रखते हैं बल्कि अपनी संस्कृति को भी संजो कर रखे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी पहचान सांस्कृतिक तौर पर सबसे पहले होती है। इसलिए कहा जा सकता है कि छठ पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान का भी पर्व है। इस दिन हम सूर्य भगवान को अर्घ देक प्रकृति की पूजा करते हैं क्योंकि प्रकृति के संचालन में सूर्य का महत्वपूर्ण योगदान है।
राज्य मंत्री राजेश नागर ने विभिन्न स्थानों पर आयोजित छठ आयोजनों में शामिल होकर लोगों से कुशलक्षेम जाना। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह बिहार में चल रहे लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व चुनाव में भागीदारी अवश्य करें।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने पक्के पानी घाटों के साथ – साथ अस्थाई पानी घाटों की भी बड़ी संख्या में व्यवस्था की है, जिससे कि छठ मनाने पहुंचने वाले व्यक्तियों को कोई दिक्कत ना हो सके। इसी के साथ प्रशासन को भी पूर्व में ही स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वह व्यवस्था को बनाने में सहयोग करें।
