इंदौर किसान विरोध: दिल्ली कूच से पहले मध्य प्रदेश के 150 किसान नेता गिरफ्तार
इंदौर 13 फ़रवरी 2024। संयुक्त किसान मोर्चा और उससे जुड़े संगठनों के किसान नेताओ को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में गिरफ्तार किया जा रहा हैं। प्रदेश के करीब 150 किसान नेताओं को थाने पर बैठाया गया हैं, तो कई को जेल पहुंचाया जा रहा है। इंदौर में भी किसान संगठनों से जुड़े नेताओं को थाने में बैठाया गया है।
रविवार रात से ही इंदौर के किसान नेताओं और पुलिस के बीच लुका छिपी का खेल चल रहा हैं। सोमवार को कई नेताओं को देपालपुर और सांवेर थाने में बैठाया गया। किसानों का कहना है कि 13 फरवरी को संयुक्त किसान मोर्चा द्रारा किए गए दिल्ली कूच को रोकने और 16 फरवरी को ग्रामीण भारत बंद के आव्हान को दबाने के लिए किसान नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा हैं।
संयुक्त किसान मोर्चा और उससे जुड़े संगठनों के किसान नेताओं को मध्य प्रदेश में अलग-अलग जिलों में गिरफ्तार किया जा रहा हैं। इसकी किसान नेताओं ने कड़ी निंदा की है। संयुक्त किसान मोर्चा की इंदौर इकाई के नेता रामस्वरूप मंत्री, बबलू जाधव ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े विभिन्न किसान संगठनों के नेताओं को 11 फरवरी को अलग-अलग जिलों में गिरफ्तार किया गया है। किसानों की आवाज को प्रदेश सरकार दबाने का प्रयास कर रही हैं।रविवार रात पुलिस इंदौर जिले के किसान नेताओं के घरों पर छापेमारी कर रही है, वहीं कई नेताओं को थाने में बैठाया गया है.
बबलू जाधव का कहना है कि मध्य प्रदेश के संयुक्त किसान मोर्चा के साथ 27 किसान संगठन जुड़े हैं। संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा किसानों और मजदूरों के मुद्दों को लेकर अहिंसात्मक तरीके से आंदोलन किये जा रहे हैं। मध्य प्रदेश में किसान नेताओं की धारा 151 के तहत गिरफ्तारी की गई है, जो अनावश्यक, अलोकतांत्रिक एवं संविधान विरोधी है।
प्रदेश के इन नेताओं को थाने बैठाया
किसान नेता शैलेंद्र पटेल व चंदन सिंह बड़वाया का कहना है कि संयुक्त किसान मोर्चा रीवा के संयोजक शिवसिंह, किसान सभा के जिला महासचिव रामजीत सिंह, इंद्रजीत सिंह शंखू , संत पटेल को गिरफ्तार कर रीवा जेल भेज दिया गया। मुलताई में किसान संघर्ष समिति की प्रदेश उपाध्यक्ष एड. आराधना भार्गव को मुलताई थाना प्रभारी द्वारा गिरफ्तार कर बैतूल जेल भेज दिया गया।
बीकेयू के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव को एमपी नगर भोपाल थाने से, महेंद्र सिंह तोमर को राजगढ़ से, वरिष्ठ किसान सभा नेता रामनारायण कुरेरिया को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया है. ग्वालियर में किसान संघर्ष समिति के जिला उपाध्यक्ष शत्रुघ्न यादव और शिव कुमार कक्का को भोपाल में गिरफ्तार कर लिया गया है. इसी तरह विभिन्न जिलों में 150 से अधिक किसान नेताओं को गिरफ्तार किया गया है.
इंदौर के किसान नेता भूमिगत
किसान नेता बब्लू जाधव ने बताया कि इंदौर में भी किसानों को गिरफ्तार करने की कोशिश हो रही है। मुझे और मेरे किसान साथियों को सांवेर थाने में बैठाया गया है। पुलिस द्वारा फोन कर चर्चा के लिए थाने पर बुलाया जा रहा है। इंदौर के अधिकांश नेता भूमिगत हो गए हैं। पुलिस द्वारा चर्चा के लिए आने वाले नेताओं को सीधे जेल भेज रही हैं।