सोनीपत,9 फरवरी 2026
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक ने ब्लॉक पंचायत कार्यालय, खरखौदा (जिला सोनीपत) में कार्रवाई करते हुए पटवारी श्रीमती सुदेश (25 वर्ष) और निजी व्यक्ति कृष्ण चन्द्र को 20,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के निरीक्षक जगजीत सिंह और उनकी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से की।
शिकायतकर्ता अनिल पुत्र कृष्ण, निवासी सिसाना, सोनीपत ने बताया कि उनके गांव में लगभग 450 गज पंचायती भूमि पर उन्हें 25 वर्षों से कब्जा है। सरकार की हिदायतों के अनुसार, वे वर्ष 2004 के कलेक्टर रेट के डेढ़ गुना शुल्क जमा कर भूमि की रजिस्ट्री अपने नाम करवा सकते थे।
06 फरवरी 2026 को उन्होंने ब्लॉक पटवारी श्रीमती सुदेश से मुलाकात की, जिन्होंने रजिस्ट्री कराने के लिए 25,000 रुपये की रिश्वत की मांग की। बाद में राशि 20,000 रुपये तय हुई और इसे कैंटीन संचालक कृष्ण चन्द्र के माध्यम से देने को कहा गया। शिकायत की पुष्टि के बाद ब्यूरो की टीम ने पटवारी और निजी व्यक्ति को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
अभियोग संख्या 03 दिनांक 09.02.2026 के तहत, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी वर्तमान में ब्यूरो की हिरासत में हैं और आगे की जांच जारी है।
ब्यूरो ने आम जनता से अनुरोध किया है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है, तो इसकी सूचना तुरंत हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो के टोल-फ्री नंबर 1800-180-2022 और 1064 पर दें।
यह गिरफ्तारी भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सरकारी अधिकारियों में पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
