हरियाणा, 03 फरवरी 2026
हरियाणा के हांसी शहर में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या से इलाके में दहशत फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने एक प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर में घुसकर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी।
हमलावरों ने इतनी बेरहमी से हमला किया कि मृतक का चेहरा बुरी तरह कट चुका था और दोनों हाथों पर भी गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।
वारदात का खुलासा उस समय हुआ, जब मृतक की पत्नी उन्हें नाश्ते के लिए बुलाने उनके दफ्तर पहुंचीं। अंदर का नज़ारा देखकर उनके होश उड़ गए। दफ्तर के अंदर उनका पति खून से लथपथ हालत में पड़ा था। महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस उप अधीक्षक विनोद शंकर अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम को भी मौके पर बुलाया गया और साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने दफ्तर को सील कर दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
मृतक की पहचान 60 वर्षीय सुभाष मलिक, निवासी हुड्डा सेक्टर-6, हांसी के रूप में हुई है। वे पंचायत सेक्रेटरी के पद से सेवानिवृत्त थे और फिलहाल प्रॉपर्टी डीलिंग का काम कर रहे थे।
परिजनों के अनुसार, सुभाष मलिक मंगलवार सुबह घर से यह कहकर निकले थे कि आज किसी बड़ी प्रॉपर्टी डील को लेकर बातचीत होनी है। देर तक घर न लौटने पर उनकी पत्नी उन्हें बुलाने के लिए दफ्तर पहुंचीं, जहां इस दर्दनाक घटना का पता चला।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर हर एंगल से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
