गुरुग्राम,24 मार्च।
गुरुग्राम से यातायात नियमों के सख्त पालन को लेकर एक महत्वपूर्ण मामला सामने आया है। यहां यातायात पुलिस ने नियमों की अनदेखी करने पर एक बुलेट मोटरसाइकिल का ₹40,000 का भारी चालान किया है।यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. राजेश मोहन के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत की गई। इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
जानकारी के अनुसार, 24 मार्च 2026 को जांच के दौरान यातायात पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिल संख्या DL 3 SCN 4797 को रोककर उसकी जांच की। जांच में पाया गया कि वाहन चालक मोटर वाहन अधिनियम 1988 के कई नियमों का उल्लंघन कर रहा था। जांच के दौरान सामने आया कि वाहन चालक के पास न तो वैध ड्राइविंग लाइसेंस था और न ही वाहन का बीमा। इसके अलावा, वाहन के पास प्रदूषण प्रमाण पत्र भी नहीं था।
यही नहीं, मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा व्यक्ति बिना हेलमेट के यात्रा कर रहा था, जो सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन है। इसके साथ ही, वाहन में तेज आवाज वाला प्रेशर हॉर्न लगाया गया था और साइलेंसर भी सही स्थिति में नहीं था, जिससे ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था।
इन सभी उल्लंघनों को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ₹40,000 का चालान किया। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा अपने वाहनों पर उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट अवश्य लगवाएं।
पुलिस ने यह भी कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
Author: New India News Network
new india news network







